
x
रोहरा ज्वेलरी लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार
Balodabazar-Bhatapara बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम रोहरा में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर लूटने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के फरार आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को सीतामढ़ी, कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी जैसे 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। मामला 16 जुलाई 2026 का है। ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी सुबह करीब 9:30 बजे अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 22 AG 7852 से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने बलराम सोनी पर हमला किया और उनका मोबाइल तथा स्कूटी की चाबी छीन ली।
इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर रखे थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई गई। पीड़ित की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 309(6) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में भाटापारा ग्रामीण थाना और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट गिरोह का खुलासा करते हुए पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि गिरोह का आरोपी कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार कौशलेश लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सूचना तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण की मदद ली। आखिरकार आरोपी के सीतामढ़ी, कोरबा में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 61,950 रुपए नकद, पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोबाइल और अन्य सामान जब्त करने की जानकारी दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 55 वर्षीय कौशलेश त्रिपाठी मूल रूप से ग्राम डेरावारी, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में जामनगर, गुजरात में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ तीन राज्यों में 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी के साथ रोहरा ज्वेलरी लूट मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
TagsBalodabazar Bhatapara PoliceRohra Loot CaseJewellery RobberyKaushlesh TripathiInterstate GangKorba ArrestDeepak JewellersBhatapara Rural PolicePolice ActionGold Silver Lootबलौदाबाजार भाटापारा पुलिसरोहरा लूटकांडकौशलेश त्रिपाठीअंतरराज्यीय लुटेराज्वेलरी लूटसोना चांदी लूटकोरबा गिरफ्तारीभाटापारा ग्रामीण पुलिसपिस्तौल जब्तपुलिस कार्रवाई
Next Story





