छत्तीसगढ़

आरोप पत्र जारी कर रही बीजेपी पर 'आप' ने किया पलटवार

Nilmani Pal
3 Sep 2023 6:25 AM GMT
आरोप पत्र जारी कर रही बीजेपी पर आप ने किया पलटवार
x

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी आरोप पत्र के मौके पर आज 02 सितंबर 2023 (शनिवार) को आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के 15 वर्षीय रमन शासनकाल और मोदी सरकार की विफलताओं का काला चिट्ठा पेश किया। इस दौरान 'आप' प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने मोदी सरकार की जन विरोधी फैसलों और रमन सिंह की 15 वर्षीय सरकार में हुए को घोटालों को गिनाते हुए बीजेपी को जमकर घेरा।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि जो खुद घोटाले और लूट के आरोपी हैं वो आज आरोप पत्र जारी कर रहे हैं। ये अपने 15 साल के घोटालों वाली काले कालखंड को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि शायद गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश के नान घोटाला, पनामा पेपर घोटाला, मोवा धान घोटाला, कुनकुरी चावल घोटाला, डीकेएस घोटाला, धान परिवहन घोटाला, फर्नीचर घोटाला, विज्ञान उपकरण खरीदी में घोटाला, आबकारी घोटाला, गोशाला के नाम पर चारा, दवाई एवं निर्माण घोटाला, बीज निगम में दवाइयों, बीज एवं कृषि यंत्रों की खरीदी घोटाला को भूल रहे हैं।

कोमल हुपेंडी ने कहा कि भाजपा के माथे पर महंगाई सबसे बड़ा कलंक है। यह दुनिया में सिर ऊपर उठने की बात करते हैं। इससे पहले बीजेपी को मोदी सरकार को ये भी देखना होगा कि हमारा एक-एक नागरिक गरीब है। मिडिल क्लास है, किसान है, मजदूर है, शहरी है, ग्रामीण हैं, सब महंगाई से जूझ रहे हैं, इस पर केंद्र सरकार चुप क्यों है, जब हमारे नेता अरविंद केजरीवाल सवाल पूछते तो केंद्र सरकार जवाब क्यों नहीं देती है। अडानी प्रकरण पर केंद्र सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया। मौन रही। आज केंद्र सरकार पर 155 लाख करोड़ का कर्ज है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग 15 साल बीजेपी की सरकार के कुशासन को नहीं भूले हैं। अमित शाह कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर रहे हैं। पहले उन्हें बीजेपी का काला चिट्ठा जारी करना चाहिए। केंद्र सरकार का रवैया और जो उनके काले कारनामे हैं उससे जनता परिचित हैं। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्री आते हैं और आकर झूठ बोल जाते हैं। गलत बयानबाजी करते हैं, लेकिन यहां की जनता काफी समझदार हैं। आम आदमी पार्टी को हमेशा से अपने काम पर भरोसा रहा है। हमें छत्तीसगढ़ की जनता पर भरोसा है।

Next Story