छत्तीसगढ़

रात 3 बजे युवती को सांप ने काटा, डॉयल 112 ने बचाई जान

Nil dhankar
6 July 2026 9:04 AM IST
रात 3 बजे युवती को सांप ने काटा, डॉयल 112 ने बचाई जान
x
छग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पुलिस की डॉयल-112 सेवा ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सर्पदंश की शिकार एक युवती को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 3:45 बजे डॉयल-112 गौरेला फालकन-1 को ग्राम धनौली से एक युवती के सर्पदंश का सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डॉयल-112 टीम में तैनात आरक्षक वीरेंद्र गर्ग एवं चालक लुपेंद्र कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे।

वहां अनीता खुसरो 18 वर्ष, निवासी तेंदुआपारा कोटा जिला बिलासपुर जो अपने रिश्तेदारों के यहां मेहमान के रूप में आई हुई थीं, रात्रि में जमीन पर सोने के दौरान जहरीले सर्प के काटने से गंभीर रूप से प्रभावित मिलीं। डॉयल-112 टीम ने बिना समय गंवाए युवती को परिजनों के साथ तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उपचार प्रारंभ किया। समय पर उपचार मिलने से युवती की स्थिति अब सामान्य है तथा वह खतरे से बाहर बताई गई है।

जिला पुलिस ने वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से जमीन पर सोने के बजाय चारपाई या बिस्तर का उपयोग करने, मच्छरदानी लगाने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाकर तत्काल डॉयल-112 अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का आग्रह किया गया है। समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से सर्पदंश पीड़ितों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।

Next Story