छत्तीसगढ़

बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी में बंधक बनाकर युवक के साथ लूटपाट

Nilmani Pal
6 March 2026 3:22 PM IST
बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी में बंधक बनाकर युवक के साथ लूटपाट
x

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में युवक के साथ लूटपाट हुई है। पेट्रोल खत्म होने पर मदद के बहाने ई-रिक्शा सवार तीन बदमाश उसे सुनसान जगह ले गए और कांच की बोतल से हमला कर मोबाइल, नकदी और स्कूटी लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित का नाम सौरभ आईच है, जो नेहरू नगर का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि वह टैगोर नगर स्थित एक फूलों की दुकान में काम करता है। 4 मार्च की रात करीब 1 बजे वह कमल विहार से खाना खाकर अपनी एक्टिवा (CG 04 QF 5988) से घर लौट रहा था। सिद्धार्थ चौक के पास उसकी स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया, तभी नीले रंग की ई-रिक्शा में तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने मदद का भरोसा दिलाते हुए बोतल से थोड़ा पेट्रोल दिया और आगे पेट्रोल दिलाने की बात कही। मदद मिलने के आश्वसन पर युवक आरोपियों के साथ गए तो आरोपी उसे संतोषी नगर पेट्रोल पंप ले गए, जो बंद था। इसके बाद ‘घर से पेट्रोल दिलाने’ का झांसा देकर उसे बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी के पास ले गए।

वहां तीनों युवक नशा करने लगे। पीड़ित ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे सुबह करीब 5 बजे तक वहीं रोके रखा। सुबह होते ही तीनों बदमाश तुषार अहमद, समीर और अलीमुद्दीन ने युवक की जेब से 1500 रुपए और ओप्पो कंपनी का मोबाइल छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने शराब की खाली बोतल फोड़कर उसके पेट और हाथों पर वार कर दिया। हमले से घायल युवक जमीन पर गिर गया। इसके बाद बदमाश उसकी स्कूटी, पैसे और मोबाइल लेकर भाग निकले। जाते समय आरोपियों ने उसे गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।


Next Story