छत्तीसगढ़

मोहल्ले में विवाद के दौरान युवक पर कैंची से हमला, हालत गंभीर

Shantanu Roy
2 Sept 2025 7:05 PM IST
मोहल्ले में विवाद के दौरान युवक पर कैंची से हमला, हालत गंभीर
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के बढ़ईपारा इलाके में आधी रात को हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाठागांव निवासी अमित साहू उर्फ बाबा ने कथित रूप से मोहल्ले में आकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए बढ़ईपारा निवासी द्वारिका गुप्ता पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में द्वारिका गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल एम्स अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया है। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अक्सर आता-जाता था मोहल्ले में
जानकारी के अनुसार बढ़ईपारा निवासी एक परिवार का नाश्ते का दुकान है और उनके दो भाई विष्णु गुप्ता एवं द्वारिका गुप्ता मोहल्ले में ही रहते हैं। पड़ोस में स्वर्गीय संतोष साहू का परिवार रहता है। संतोष साहू की बेटी प्रिया साहू से मिलने के लिए भाठागांव निवासी अमित साहू उर्फ बाबा अक्सर बढ़ईपारा आता-जाता था। मोहल्ले के लोगों ने कई बार उसे आने-जाने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना।
आधी रात को हुआ विवाद
1 सितंबर 2025 की रात लगभग 12:45 बजे अमित साहू उर्फ बाबा फिर बढ़ईपारा मोहल्ले में पहुंचा। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने और द्वारिका गुप्ता ने उससे पूछताछ कर विरोध जताया। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने द्वारिका गुप्ता से कहा – "ये तेरे बाप का मोहल्ला नहीं है, मैं क्यों नहीं आऊंगा" और फिर अश्लील गालियां देने लगा।गाली-गलौज के बीच आरोपी ने द्वारिका गुप्ता को जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से कैंची निकाली और द्वारिका गुप्ता के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले से द्वारिका गुप्ता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में भर्ती
घटना के समय द्वारिका गुप्ता का भाई और मोहल्ले के आनंद विश्वकर्मा मौके पर मौजूद थे। दोनों ने घायल को तत्काल एम्स अस्पताल रायपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में साफ तौर पर आरोपी अमित साहू उर्फ बाबा का नाम लिया गया है। पुलिस ने धारा 294 (गाली-गलौज), 506 (धमकी), 307 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से बढ़ईपारा मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से बार-बार मोहल्ले में आकर विवाद करता था। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस तरह की गंभीर घटना नहीं होती।
Next Story