
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। गणेश उत्सव के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चिचोला पुलिस चौकी की टीम ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार ग्राम बापूटोला चौक के पास लोगों से गाली-गलौज, विवाद और हंगामा कर धमकी देने के आरोप में 33 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया। लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में गणेश उत्सव को देखते हुए चिचोला चौकी क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर विवाद और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बापूटोला निवासी श्रवण लाउत्रे (33) बापूटोला चौक के पास मौजूद था। आरोप है कि वह आसपास के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा और विवाद कर रहा था। इसके साथ ही लोगों को देख लेने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि युवक के व्यवहार से विवाद बढ़ने और किसी संज्ञेय अपराध के घटित होने की आशंका थी। इसके मद्देनजर उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए युवक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की जानकारी दी है। इसके बाद उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट छुरिया के समक्ष पेश किया गया। गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही रहती है। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस की ओर से विवाद, हुड़दंग और सार्वजनिक शांति प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है। पुलिस ने लोगों से भी त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की है। क्षेत्र में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति सामने आने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
Next Story





