छत्तीसगढ़

कोरबा में युवक की मौत, मिला 19 पन्नों का सुसाइड नोट

SHIDDHANT
19 Nov 2026 9:52 PM IST
कोरबा में युवक की मौत, मिला 19 पन्नों का सुसाइड नोट
x
छत्तीसगढ़
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव मिला है। मृतक की जेब से 19 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें नौकरी लगाने के नाम पर 50 लाख रुपये की कथित ठगी, कर्ज और लेनदारों के दबाव का जिक्र है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल खोला था। स्कूल नहीं चलने के कारण उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। बरामद सुसाइड नोट के मुताबिक, शिवचरण ने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था। कोरोना काल में बिचौलिए की मौत होने के बाद रकम फंस गई और शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया।
नोट में लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का विवरण दर्ज होने की बात सामने आई है। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद नोट में उल्लेखित तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के गांव में शोक का माहौल है।
Next Story