छत्तीसगढ़

आंधी-तूफान में बुजुर्ग महिला के घर पर गिरा पेड़, पुलिस ने बचाई जान

SHIDDHANT
23 Sept 2026 11:34 PM IST
आंधी-तूफान में बुजुर्ग महिला के घर पर गिरा पेड़, पुलिस ने बचाई जान
x
छग
Sukma सुकमा। जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। ग्राम पूवर्ती और तुमालपारा में तेज हवाओं के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गए, जबकि कुछ मकानों पर पेड़ गिरने से ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला के घर पर पेड़ गिर गया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जगरगुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी CRPF कैंप पहुंचाया। जानकारी के अनुसार ग्राम तुमालपारा निवासी 65 वर्षीय मड़कम दुलारी पति स्वर्गीय जोगा अपने घर में मौजूद थीं। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच एक पेड़ उनके मकान पर गिर गया। हादसे में बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जगरगुंडा पुलिस की टीम प्रभावित इलाके में पहुंची। पुलिस जवानों ने घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना देरी किए उपचार के लिए CRPF कैंप पूवर्ती पहुंचाया। कैंप में मौजूद CRPF मेडिकल स्टाफ ने महिला का तत्काल उपचार शुरू किया। राहत की बात है कि महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। आंधी-तूफान के कारण पूवर्ती और तुमालपारा के कई हिस्सों में नुकसान की जानकारी सामने आई है। तेज हवाओं के चलते घरों के छप्पर क्षतिग्रस्त हुए हैं और पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। ऐसे में पुलिस जवानों ने प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी।
पुलिस ने ग्रामीणों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर मकानों के आसपास नहीं रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके। घटना की सूचना विद्युत विभाग के जेई के साथ तहसीलदार और पटवारी को भी दी गई है। संबंधित विभागों को क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए जानकारी भेजी गई है। आंधी के कारण बिजली व्यवस्था या अन्य बुनियादी सुविधाओं को हुए नुकसान की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्राकृतिक आपदा के बीच जगरगुंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण घायल बुजुर्ग महिला को समय रहते उपचार मिल सका। प्रभावित क्षेत्र में पुलिस की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरतमंद ग्रामीणों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें मौसम खराब रहने की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
Next Story