छत्तीसगढ़
राज्य स्तरीय टीम ने गढ़उमरिया व नौरंगपुर में अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों का किया निरीक्षण
Shantanu Roy
10 Oct 2026 5:50 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत राज्य स्तरीय टीम ने रायगढ़ जिले में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने और संयंत्रों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। टीम ने जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पंचायत गढ़उमरिया स्थित वर्मी फिल्टर प्लांट तथा जनपद पंचायत रायगढ़ के ग्राम नौरंगपुर स्थित एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता कमलेश चंद्राकर एवं राज्य सलाहकार, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर रूपेश राठौर उपस्थित रहे। टीम ने गढ़उमरिया स्थित वर्मी फिल्टर प्लांट के निर्माण कार्य को एक माह के भीतर पूर्ण कर क्रियाशील करने के निर्देश दिए। साथ ही नालियों को प्लांट से जोड़ने और जल की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए बीओडी (जैव रासायनिक ऑक्सीजन मांग) एवं सीओडी (रासायनिक ऑक्सीजन मांग) की जांच कराने को कहा। नौरंगपुर स्थित एफएसटीपी प्लांट के निरीक्षण के दौरान भी आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित देनदारियों और शौचालयों की स्थिति की हुई समीक्षा
निरीक्षण के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत लंबित देनदारियों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों (सीएससी) के शौचालयों को क्रियाशील बनाने तथा मिशन के विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने और स्वच्छता सुविधाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के डीपीपी, जिला एवं विकासखंड स्तर की स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) टीम के सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Next Story





