छत्तीसगढ़

गणतंत्र दिवस पर लोकभवन में होगा विशेष सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 अतिथि होंगे आमंत्रित

Shantanu Roy
14 Jan 2026 7:35 PM IST
गणतंत्र दिवस पर लोकभवन में होगा विशेष सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 अतिथि होंगे आमंत्रित
x
छग
Raipur. रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित होने वाले स्वागत समारोह को इस वर्ष विशेष रूप से यादगार बनाया जा रहा है। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित 38 ऐसे व्यक्तियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने खेल, शिक्षा, कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कृषि, आजीविका, समाजसेवा और राष्ट्र सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय और प्रेरणादायक योगदान दिया है। राज्यपाल की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में प्रतिभाओं, समर्पित सेवाभाव और नवाचार को प्रोत्साहित करना है, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हो सके। आमंत्रित अतिथियों में खिलाड़ी, शिक्षक, कलाकार, पर्यावरण योद्धा, महिला उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि, शहीदों के परिजन और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
खेल क्षेत्र से राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई, बिलासपुर की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने ओलंपिक सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन किया है। जांजगीर-चांपा जिले की अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल खिलाड़ी कुमारी शालू डहरिया, महासमुंद की बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता दिव्या रंगारी, बीजापुर की सॉफ्टबॉल खिलाड़ी कुमारी रेणुका तेलस (पांच बार राष्ट्रीय पदक विजेता), राकेश कड़ती (आठ बार राष्ट्रीय पदक विजेता), राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी ईशा कुडियम, तीरंदाज रोहित कोरसा, राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक विजेता कुमारी चांदनी और पैरा ओलंपिक तैराक रूपेश कुमार चनापे (तीन स्वर्ण सहित 18 पदक विजेता) भी अतिथियों में शामिल हैं।
कला, संस्कृति और पर्यावरण के क्षेत्र में बिलासपुर के पर्यावरण योद्धा दूजराम भेंड़पाल और श्रेयांश बुधिया, दुर्ग जिले के मूर्तिकार जॉन मार्टिन नेलसन, पंथी नर्तक राघेश्याम बारले, बेमेतरा जिले की पंडवानी गायिका शांति बाई और ओडिसी शास्त्रीय नृत्यांगना कुमारी माधुरी पुरामे को आमंत्रण दिया गया है। महिला सशक्तिकरण और आजीविका के क्षेत्र में कोरबा जिले की कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की व्याख्याता सह अधीक्षिका श्रद्धा जायसवाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बबीता कंवर, कोरिया जिले की महिला उद्यमी हीना बेगम, लक्ष्मी आजीविका समूह की अध्यक्ष अजय कुमारी सिंह, कुबेर स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष देव कुमार, तथा सोन हनी उत्पादक रघुवीर सिंह को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जिनकी सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की थी।
समाज और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में शहीद राजकुमार केरकेट्टा की पत्नी लोयोला, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शहीद महेश राम पैकरा की पत्नी चंद्रकिरण, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जैविक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वामन टिकरिहा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के असाधारण शिक्षक एवं बहादुरी पुरस्कार विजेता परी सिंघई, उत्कृष्ट कार्य के लिए सरपंच श्यामवती, सक्ति जिले के शहीद एसआई दीपक भारद्वाज के पिता राधेलाल भारद्वाज और बस्तर के पर्यावरण योद्धा विधूशेखर झा को भी आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रथम किन्नर सरपंच सोनू सिंह उरांव, 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता 2025-26 की सहभागी कुमारी एडविना कांत तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रधान पाठक शैल कुमार पाण्डेय भी समारोह में शामिल होंगे। लोकभवन के अवर सचिव अनुभव शर्मा को इस समारोह के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह आयोजन न केवल गणतंत्र दिवस की गरिमा को और बढ़ाएगा, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
Next Story