छत्तीसगढ़

सड़क किनारे की नाली को बिना ढक्कन के खुला छोड़ा, कार का पहिया धंसा

Nilmani Pal
28 Jun 2026 5:38 PM IST
सड़क किनारे की नाली को बिना ढक्कन के खुला छोड़ा, कार का पहिया धंसा
x
छग

बलौदाबाजार। शहर के सबसे व्यस्त मुख्य मार्ग पर दशहरा मैदान के सामने बड़ी नाली का टूटा हुआ ढक्कन लोगों की जान के लिए खतरा बन गया है। महीनों से टूटा पड़ा यह ढक्कन अब गहरे गड्ढे का रूप ले चुका है, जो आए दिन सड़क हादसों को न्योता दे रहा है। बावजूद इसके नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अब तक आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। बस स्टैंड, स्वास्थ्य केंद्र, कैलाश अस्पताल, स्कूल और कॉलेज जाने वाले अधिकांश लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। शॉर्टकट होने के कारण यहां छात्र-छात्राओं और दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है। टूटे ढक्कन के कारण कई बार बाइक, कार और अन्य वाहन नाली में फंस चुके हैं। वाहन चालकों को काफी मशक्कत के बाद अपने वाहन बाहर निकालने पड़ते हैं, जबकि कई महंगी कारों को भी नुकसान उठाना पड़ा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रात के समय यह गड्ढा और अधिक खतरनाक हो जाता है। अंधेरे में कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। घटिया निर्माण और गुणवत्ता की अनदेखी के कारण नाली का ढक्कन समय से पहले टूट गया। उनका कहना है कि महीनों बीत जाने के बावजूद न तो नगर पालिका ने इसकी सुध ली और न ही पीडब्ल्यूडी ने कोई कार्रवाई की।

Next Story