छत्तीसगढ़

साइलेन्सर की आवाज को लेकर शुरू हुआ था झगड़ा, पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल

Shantanu Roy
31 Oct 2025 8:07 PM IST
साइलेन्सर की आवाज को लेकर शुरू हुआ था झगड़ा, पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा गणपति विहार कॉलोनी में एक मामूली विवाद ने मारपीट का गंभीर रूप ले लिया। मामला साइलेन्सर की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पारिवारिक झगड़े और हाथापाई में बदल गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कक्षा 9वीं का छात्र है, जो चंगोराभाठा गणपति विहार कॉलोनी में लक्ष्मी किराना स्टोर्स के पास रहता है। छात्र ने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उसके पड़ोसी आयुष कृपालानी और आर्यन कृपालानी बाइक से आए और तेज आवाज में साइलेन्सर बजाने लगे। आवाज से परेशान होकर छात्र उनके घर के सामने जाकर समझाने गया, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकले।

थोड़ी देर बाद उसने यह बात उनके पिता को बताई। शिकायत के अनुसार, पड़ोसी के पिता ने न केवल समझने से इनकार किया बल्कि मां-बहन की गालियां देने लगे। छात्र जब वहां से अपने घर लौट आया, तो कुछ देर बाद आयुष, आर्यन, उनके पिता और चाचा मिलकर शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंच गए। उन्होंने छात्र के माता-पिता से बहस शुरू कर दी और पुरानी बातों को लेकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी दौरान आर्यन कृपालानी ने छात्र के पिता खेमराज साहू को थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव के लिए जब छात्र की मां सरिता साहू आईं, तो उन पर भी हमला कर दिया गया। चारों आरोपियों ने पिता, मां और बेटे पर हाथ-मुक्कों और नुकीली वस्तु से मारपीट की।

मारपीट में तीनों को गंभीर चोटें आईं-
पिता खेमराज साहू के सिर, पीठ और हाथ में चोट लगी।
मां सरिता साहू को दोनों हाथों, सिर, गाल और पीठ में चोटें आईं।
छात्र के सिर और पैर में चोट आई, जिससे खून निकलने लगा।

घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में एम्स अस्पताल रायपुर पहुंचे, जहां उनका इलाज हुआ। इलाज के बाद 31 अक्टूबर को पीड़ित परिवार ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आयुष कृपालानी, आर्यन कृपालानी, उनके पिता और चाचा के खिलाफ मारपीट, धमकी और गाली-गलौज की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक अक्सर रात में बाइक से तेज आवाज करते हैं, जिससे इलाके में पहले भी कई बार विवाद की स्थिति बनी है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने और विवादित परिवारों पर निगरानी रखने की बात कही है।
Next Story