छत्तीसगढ़

सर्जरी मशीन में लगी आग, OT में गर्भवती महिला झुलसी

Nilmani Pal
3 March 2026 4:29 PM IST
सर्जरी मशीन में लगी आग, OT में गर्भवती महिला झुलसी
x

जीपीएम। जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऑपरेशन थियेटर में इस्तेमाल की जा रही कॉटरी मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

वहीं आग की चपेट में आने से प्रसूता महिला झुलस गई। हालांकि, मौके पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बाद में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की तकनीकी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि जिला अस्पताल में CGMSC द्वारा वर्ष 2023 में यह मशीन स्थापित की गई थी।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 27 फरवरी को जिला चिकित्सालय गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हुई। सिजेरियन (सी-सेक्शन) ऑपरेशन के दौरान खून का बहाव रोकने के लिए उपयोग में लाई जा रही कॉटरी मशीन में अचानक स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। उस समय ऑपरेशन थियेटर में गायनिक डॉक्टर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, नर्स सहित कुल पांच लोग मौजूद थे।आग की चपेट में आने से ऑपरेशन करा रही महिला की पीठ, कमर और जांघ के हिस्से में करीब 30 से 35 प्रतिशत तक जल गए हैं। ओटी स्टाफ ने तत्काल नॉर्मल सलाइन (एनएस) की बोतलों और पानी की मदद से आग बुझाई और महिला को सुरक्षित किया। स्थिति सामान्य होने के बाद डॉक्टरों ने दोबारा प्रक्रिया शुरू की और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।

Next Story