छत्तीसगढ़

सिंचाई विभाग के कर्मचारी रहे शख्स से 32 लाख की ठगी

Nil dhankar
21 July 2025 3:49 PM IST
सिंचाई विभाग के कर्मचारी रहे शख्स से 32 लाख की ठगी
x
छग

जांजगीर-चांपा। जिले में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग के फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर 32.54 लाख रुपये की ठगी कर ली. ठगों ने पीड़ित से 6 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए यह रकम ट्रांसफर करवाई. मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, तुषारकर देवांगन शंकर नगर कालोनी के निवासी हैं और सिंचाई विभाग से वह रिटायर्ड हो चुके हैं. उन्हें व्हाट्सएप पर साइबर ठगों ने एक फर्जी केनरा बैंक का एटीएम दिखाया और बताया कि उनका नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में सामने आया है और उनके बैंक खाते की जांच की जा रही है. कार्रवाई का डर दिखाकर आरोपियों ने रिटायर्ड कर्मचारी से अलग-अलग किस्तों में 32 लाख से अधिक रुपए वसूल लिए.

शातिर ठगों ने रिटायर्ड कर्मचारी को व्हाट्सएप नंबर पर फर्जी डिजिटल अरेस्ट का वारंट भेज दिया. कार्रवाई का डर दिखाकर 6 किस्तों में 32 लाख 54 हजार 996 रुपए ट्रांसफर कराए. इस रकम को चार अलग-अलग खातों में डलवाया गया. दो बार फोन पे के माध्यम से पैसा लिया गया है. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दी. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Next Story
null