छत्तीसगढ़

पानी की बूंदों से लिखी जा रही ग्रामीण समृद्धि की नई इबारत, छत्तीसगढ़ में 23 हजार से अधिक आजीविका डबरियों को मिली मंजूरी

Shubhra Nandy
27 Nov 2026 11:13 AM IST
पानी की बूंदों से लिखी जा रही ग्रामीण समृद्धि की नई इबारत, छत्तीसगढ़ में 23 हजार से अधिक आजीविका डबरियों को मिली मंजूरी
x
लक्ष्य से आगे निकला अभियान
रायपुर : जिस पानी को कभी ग्रामीण क्षेत्रों में केवल खेती और दैनिक जरूरतों की पूर्ति का साधन माना जाता था, वही अब आर्थिक स्वावलंबन और महिला सशक्तीकरण की नई संभावनाओं का आधार बन रहा है। छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण की पहल को ग्रामीण परिवारों की खुशहाली से जोड़ते हुए आजीविका डबरी निर्माण अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत संचालित इस अभियान ने निर्धारित लक्ष्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले वर्ष 10 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले 15 हजार डबरियों का निर्माण किया गया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को स्वीकृति मिल चुकी है। इस अभियान की सबसे उल्लेखनीय विशेषता महिलाओं की निजी भूमि पर आजीविका के संसाधन विकसित करना और सूचना पटल पर उनके नाम दर्ज करना है। गांवों में आकार ले रही ये जल संरचनाएं महज वर्षाजल सहेजने का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक अधिकारों, जनजातीय परिवारों के स्वावलंबन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती की संभावनाओं को विस्तार देने वाली पहल बन रही हैं।
ग्रामसभाओं की मांग पर मिल रही स्वीकृति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को आजीविका डबरी निर्माण अभियान की शुरुआत की थी। इसके पीछे ग्रामीण परिवारों को स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से जोड़कर उनके लिए आय और रोजगार के दीर्घकालिक अवसर विकसित करने की अवधारणा है। पिछले वर्ष प्रदेश में 10 हजार आजीविका डबरियों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले 50 प्रतिशत अधिक यानी 15 हजार डबरियों का निर्माण पूरा किया गया। चालू वित्तीय वर्ष में इस अभियान का विस्तार करते हुए 20 हजार डबरियां बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामसभाओं से प्राप्त मांग और अनुमोदन के आधार पर अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को मंजूरी दी जा चुकी है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक स्वीकृतियां ग्रामीण क्षेत्रों में इस पहल के विस्तार को दर्शाती हैं।
बढ़ेगी आर्थिक निर्णयों में भागीदारी
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों और आय के स्वतंत्र साधनों तक उनकी पहुंच कई बार सीमित रहती है। आजीविका डबरी निर्माण अभियान के माध्यम से इस स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला हितग्राहियों की निजी भूमि पर डबरियों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर लगाए जाने वाले सूचना पटल में संबंधित महिला का नाम भी दर्ज किया जा रहा है। इन डबरियों में संचित पानी का उपयोग मछली पालन, सब्जियों की खेती, बागवानी और कृषि भूमि की सिंचाई के लिए किया जा सकता है। इससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आय अर्जित करने के नए अवसर मिलने की संभावना है। आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से पारिवारिक निर्णयों में उनकी भूमिका और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिल सकती है।
जनजातीय परिवारों के लिए आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के परिवारों को भी अभियान में प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे परिवारों के लिए सिंचाई और कृषि आधारित गतिविधियों के संसाधन विकसित करना आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कबीरधाम जिले के अधरूराम बैगा को प्रधानमंत्री जनमन आवास के साथ आजीविका डबरी की सुविधा भी उपलब्ध हुई है। आवास के साथ आय अर्जित करने का संसाधन मिलने से परिवार के लिए भविष्य में आर्थिक गतिविधियां विकसित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं। इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की गोलरडीह ग्राम पंचायत के हीरालाल बैगा, जशपुर की रजनी बाई, बलरामपुर जिले की बंगुरकेला ग्राम पंचायत की पुष्पा देवी और कोंडागांव जिले की कचोरा ग्राम पंचायत की सोनादई पोयाम भी इस अभियान से जुड़ी हैं। इन परिवारों के लिए डबरियां आने वाले समय में कृषि उत्पादन, मछली पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अतिरिक्त आमदनी का आधार बन सकती हैं।
एक डबरी से दोहरा लाभ
आजीविका डबरी अभियान की अवधारणा में जल संरक्षण के साथ रोजगार सृजन को भी शामिल किया गया है। निर्माण के दौरान स्थानीय श्रमिकों को अपने गांव में ही काम मिल रहा है। वहीं निर्माण पूरा होने के बाद तैयार जल संरचना हितग्राही परिवार के लिए लंबे समय तक उपयोगी संसाधन बन सकती है। डबरियों में बारिश का पानी सहेजने से स्थानीय जल संसाधनों के संरक्षण और भूजल पुनर्भरण में सहायता मिलती है। संचित जल का कृषि कार्यों में उपयोग होने से सिंचाई की उपलब्धता बेहतर होने की संभावना रहती है। इस प्रकार एक ही परिसंपत्ति के माध्यम से तत्काल रोजगार और भविष्य की आजीविका, दोनों आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
जल संरक्षण के मोर्चे पर छत्तीसगढ़ की उल्लेखनीय उपलब्धि
उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में जल से संबंधित क्रिटिकल श्रेणी में अब कोई भी विकासखंड शेष नहीं है। इसके अतिरिक्त सेमी-क्रिटिकल श्रेणी वाले विकासखंडों की संख्या भी 21 से घटकर 19 हो गई है। जल संसाधनों की स्थिति में आया यह सुधार प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जल संरक्षण से जुड़े अभियानों का निरंतर संचालन भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक हो सकता है।
डिजिटल पारदर्शिता की पहल, क्यूआर कोड बताएगा डबरी का विवरण
अभियान की निगरानी और जनभागीदारी को प्रभावी बनाने के लिए निर्मित परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण संबंधित परिसंपत्ति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक महीने की सात तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार दिवस और आवास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को क्यूआर कोड के जरिए जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया से भी परिचित कराया जा रहा है। ग्रामसभा की भागीदारी के साथ डिजिटल तकनीक का उपयोग निर्माण कार्यों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में किया जा रहा है।
जल से जीवन, जीवन से आजीविका और आजीविका से आत्मनिर्भरता
ग्रामीण विकास की वास्तविक सफलता केवल परिसंपत्तियों के निर्माण की संख्या से नहीं, बल्कि उनके उपयोग से परिवारों के जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तन से आंकी जाती है। आजीविका डबरी अभियान इसी अवधारणा को धरातल पर उतारने का प्रयास है। महिलाओं के लिए आर्थिक संसाधन, जनजातीय परिवारों के लिए सिंचाई और कृषि के अवसर, ग्रामीण श्रमिकों के लिए स्थानीय रोजगार तथा प्राकृतिक जल संसाधनों के संरक्षण को एक ही पहल से जोड़ना इस अभियान की विशेषता है। छत्तीसगढ़ के गांवों में निर्मित हो रही ये छोटी-छोटी जल संरचनाएं भविष्य की बड़ी आर्थिक संभावनाओं की आधारशिला बन सकती हैं। यदि इनका समुचित उपयोग सुनिश्चित होता है, तो आज सहेजी जा रही पानी की बूंदें आने वाले वर्षों में ग्रामीण परिवारों की खुशहाली, महिलाओं के स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख सकती हैं।
Next Story