छत्तीसगढ़

बालोद जिले में गुरूवार 30 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का जुड़ेगा नया इतिहास

Shantanu Roy
29 July 2026 11:43 PM IST
बालोद जिले में गुरूवार 30 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का जुड़ेगा नया इतिहास
x
छग
Balod. बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में गुरुवार 30 जुलाई 2026 को बालोद जिले के गौरवशाली इतिहास की श्रृंखला में वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जल शक्ति अभियान ’कैच द रैन’ के तहत आयोजित होने वाले इस वृहद वृक्षारोपण महाअभियान में सभी वर्गों के नागरिकों के साथ-साथ महतारी वंदन योजना से लाभान्वित 02 लाख 45 हजार हितग्राही महिलाएं भी बढ़-चढ़कर
हिस्सा लेकर
जिलेभर में एक साथ बड़े पैमाने पर पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा बालोद जिला प्रशासन की अपील पर 30 जुलाई को जिले के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाज सेवीयों, अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं सहित समाज के सभी वर्गों के द्वारा सुबह 11 बजे एक साथ पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के पुनीत कार्य में अपने बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करेंगे। बालोद जिला प्रशासन की अपील पर आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण महाअभियान को लेकर जिले के नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
इस महती अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, वन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसके अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा जिले के ग्राम पंचायत मुख्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महतारी वंदन योजना के लाभान्वित हितग्राहियों एवं नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिससे वे अपने घरों, बाड़ियों, खेतों, शासकीय भूमि और पंचायत भवनों के पास ’एक पेड़ महतारी (मां) के नाम’ या अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के नाम पर अनिवार्य रूप से पौधे लगा सकें। उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय बालोद के महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों एवं अन्य लोगों के पास 30 जुलाई को पौधरोपण करने हेतु उनके घरों में स्थान नही होने पर उनके लिए पर्यावरण पार्क बालोद में पौधरोपण करने हेतु जगह निर्धारित की गई है। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों एवं वृक्षारोपण एवं पौधरोपण के इच्छुक अन्य सभी लोग 30 जुलाई को पर्यावरण पार्क बालोद में पहुँचकर सुबह 11 बजे पौधरोपण कर सकते हैं।
इसके साथ ही बालोद जिला प्रशासन द्वारा गुरूवार 30 जुलाई को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के अवसर पर पौधरोपण के इस महाअभियान को चिरस्मरणीय बनाए रखने हेतु इस अवसर पर पौधरोपण करने वाले लोगों को फोटोयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अंतर्गत गुरूवार 30 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान पौधरोपण करने के पश्चात् रोपे गए पौधे के साथ फोटो या सेल्फी लेकर लिंक wcdbalod.com पर अपलोड करने पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें फोटोयुक्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। जिससे कि पर्यावरण के सरंक्षण एवं संवर्धन हेतु जिले में शुरू किए गए इस महाअभियान में उनका योगदान चिरस्मरणीय बना रहे। नागरिक पौधरोपण के पश्चात अपनी फोटो या सेल्फी निर्धारित पोर्टल wcdbalod.com पर अपलोड कर पर्यावरण संरक्षण में अपने योगदान का डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन के इस अनूठे और व्यापक प्रयासों से संपूर्ण जिले में हरियाली बढ़ाने का एक अनूठा वातावरण तैयार हो रहा है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी मिसाल बनेगा।
Next Story