छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस पर 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाअभियान

SHIDDHANT
14 Nov 2026 7:53 PM IST
जनजातीय गौरव दिवस पर 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाअभियान
x
Raipur रायपुर: छत्तीसगढ़ में अन्नदाता किसानों की मेहनत को सम्मान, उनकी उपज का बेहतर मूल्य और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी नीति में महत्वपूर्ण किसान हितैषी प्रावधान किए हैं। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि देने की व्यवस्था की गई है। इससे निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी उनके पात्र रकबे के अनुसार पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। यह व्यवस्था किसानों को अपनी वास्तविक पैदावार और आवश्यकता के अनुरूप धान विक्रय करने की सुविधा प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी धान खरीदी महाअभियान प्रारंभ होने जा रहा है। राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जन की व्यवस्था की है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की सहायता के माध्यम से 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ उपलब्ध कराने की नीति अपनाई गई है।
नई व्यवस्था के अंतर्गत प्रति एकड़ आदान सहायता राशि की गणना को अधिक स्पष्ट और किसान हितैषी बनाया गया है। उदाहरण के लिए, यदि किसी पात्र किसान का एक एकड़ धान का रकबा पंजीकृत है और वह निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे पात्रता के अनुसार 13 हजार 839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इसी प्रकार दो एकड़ पात्र रकबे वाले किसान को 27 हजार 678 रुपये तथा तीन एकड़ वाले किसान को 41 हजार 517 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो सकेगी। इससे कम उत्पादन होने अथवा निर्धारित सीमा से कम धान बेचने की स्थिति में भी किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।
Next Story