छत्तीसगढ़
नक्सली डम्प से AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
Shantanu Roy
6 Oct 2026 4:47 PM IST

x
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डम्प से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई है। संयुक्त टीम ने इस डम्प से एके-47 रायफल, इंसास रायफल, बीजीएल लॉन्चर, बंदूकें, टिफिन बम, कुकर बम, वॉकी-टॉकी सेट समेत कई सामान जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में दंतेवाड़ा जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश के लिए एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर 5 अक्टूबर 2026 को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम मंगनार, बुरदुम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल थी।
अभियान के दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे कोहकाबेड़ा और बुरदुम के बीच जंगल और पहाड़ियों में सर्चिंग की जा रही थी। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। इसके बाद पूरे इलाके की सघन तलाशी ली गई और डम्प में रखी सामग्री को सुरक्षित तरीके से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री में एक एके-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, एक 315 बोर बंदूक और छह भरमार बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा नौ बीजीएल सेल, एके-47 मैगजीन के साथ 23 राउंड, पांच बीजीएल राउंड, दो टिफिन बम और आठ कुकर बम भी बरामद किए गए हैं।
सर्चिंग के दौरान 24 पिस्टन रॉड स्प्रिंग, करीब 20 मीटर कोडेक्स वायर, दो जोड़ी नक्सली वर्दी, एक इंसास मैगजीन, एक इन्वर्टर, 315 बोर के 138 राउंड और 20 वॉकी-टॉकी सेट भी मिले हैं। इसके अलावा दो तीर बम, करीब 20 मीटर लाल-काले रंग का वायर, एक मल्टीमीटर और दो कार इन्वर्टर भी डम्प से बरामद किए गए हैं। इस संयुक्त अभियान का संचालन पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा, सीआरपीएफ रेंज दंतेवाड़ा के उप पुलिस महानिरीक्षक (परिचालन), पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खुटे और उप पुलिस अधीक्षक नसर उल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में किया गया।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम इलाकों में इस तरह के डम्प तैयार कर हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी जाती है। जरूरत के समय इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली गतिविधियों में किया जाता है। ऐसे में डम्प की बरामदगी से नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सुरक्षा बलों को मदद मिलेगी। दंतेवाड़ा पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री की तलाश के लिए सुरक्षा बल लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। फिलहाल बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस डम्प का इस्तेमाल किन नक्सली समूहों द्वारा किया जाना था और यह सामग्री कब से यहां छिपाकर रखी गई थी।
Next Story





