छत्तीसगढ़
सड़क विकास विवाद में पत्रकार पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला
Shantanu Roy
5 Oct 2025 10:37 PM IST

x
छग
Sarangarh. सारंगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में सड़क विकास को लेकर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवाद के दौरान तीन युवकों ने मिलकर स्थानीय पत्रकार हितेश कुमार जायसवाल पर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। जब उनके माता-पिता उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की।
घटना की विवरण
पुलिस में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित हितेश कुमार जायसवाल बांसउरकुली में स्टेशनरी की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि घटना 2 अक्टूबर की रात लगभग 9:30 बजे हुई। भारी बारिश के कारण वह नगर पंचायत स्थित पंचराम दुकान के पास बैठे थे। तभी नमन मिश्रा उर्फ कुक्की वहां आए और विवाद शुरू कर दिया। नमन ने कहा कि “नगर का रोड विकास नहीं हो रहा है, तुम लोग नहीं करा रहे हो।”
हितेश ने गाली-गलौज से इंकार किया तो नमन ने चश्मा फेंक दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद नमन ने फोन करके अपने भाई वतन मिश्रा उर्फ लक्की और साथी द्वारिका देवांगन को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर हितेश को धमकी दी, “आज तुम्हें जान से मारेंगे।” इसके बाद हाथ-मुक्का, ईंट और पत्थरों से हमला किया, जिससे हितेश का सिर फट गया और खून बहने लगा।
माता-पिता पर भी हमला
घटना की आवाज सुनकर हितेश के माता-पिता टीकाराम जायसवाल और अनुपबाई मदद के लिए पहुंचे। आरोप है कि तीनों हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के समय मौके पर कई लोग मौजूद थे, जिनमें अभिषेक दुबे भी शामिल थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।
पुलिस कार्रवाई और FIR
घायल हितेश जायसवाल बिलाईगढ़ थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नमन मिश्रा, वतन मिश्रा और द्वारिका देवांगन के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा की और पुलिस से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पत्रकारों और नागरिकों ने कहा कि सड़क विकास जैसे मामूली विवाद को लेकर किसी पर हिंसक हमला अस्वीकार्य है।
Next Story





