
x
छत्तीसगढ़
बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में बलौदाबाजार-भाटापारा जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 316 करोड़ 55 लाख रुपये के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपये के 97 कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की लगभग दो दशक पुरानी मांग पूरी की। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार गठन के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 चौबीसों घंटे संचालित हो रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से करीब 700 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
सीएम साय ने सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, नए महाविद्यालय भवन के लिए पांच करोड़ रुपये, 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड के लिए दो करोड़ रुपये तथा शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
प्रमुख विकास कार्यों में 88 करोड़ 68 लाख रुपये का लटुआ-पनगांव बायपास, 23 करोड़ 11 लाख रुपये का सुहेला सड़क निर्माण और 65 करोड़ 41 लाख रुपये का खपरी-सिलवा-करहीबाजार मार्ग चौड़ीकरण शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 किसानों को 50 लाख रुपये से अधिक के चेक प्रदान किए। दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए और कौशल विकास कार्यक्रम के तहत 53 युवाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Next Story





