छत्तीसगढ़

घर में आग लगने से गैस सिलेंडर फटा, युवक गंभीर रूप से झुलसा

Nilmani Pal
2 July 2026 9:29 AM IST
घर में आग लगने से गैस सिलेंडर फटा, युवक गंभीर रूप से झुलसा
x
छग

बिलासपुर। रतनपुर के कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास बुधवार शाम एक मकान में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आकर आग बुझाने में जुटा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले रतनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर कर दिया गया।

रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि कृष्णा अर्जुनी तालाब के पास रहने वाले दशरथ देवार के मकान में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू उपयोग की सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग में पूरी तरह जल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कपिल यादव बगल वाले घर की ऊंचाई पर चढ़कर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। तभी आग के बीच घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के असर से कपिल यादव संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। रतनपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद सामान को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। मोहल्ले लोगों ने बताया कि शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन तेज लपटों के कारण पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू उपयोग की सामग्री और अन्य सामान जल गया। बाहर खड़ी बाइक भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गई। आसपास के लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर विस्फोट के बाद स्थिति और गंभीर हो गई।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर के फटने से हालात बिगड़ गए। धमाके के कारण आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ समय के लिए राहत कार्य बाधित हो गया। दशरथ के घर के पास ही कपिल यादव का मकान हैं। वे आग बुझाने के लिए ऊपर चढ़े हुए थे, लेकिन विस्फोट के झटके से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद लोगों ने एहतियात बरतते हुए आसपास का क्षेत्र खाली कराया।

Next Story