छत्तीसगढ़

नई शिक्षा नीति 2020 के तहत माध्यमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

Shantanu Roy
15 Dec 2025 10:37 PM IST
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत माध्यमिक शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
x
छग
Raigarh. रायगढ़। नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में विकासखंड रायगढ़ में माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों का पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 8 से 12 दिसंबर तक माध्यमिक शाला जुरड़ा और प्राथमिक शाला ननसिया को प्रशिक्षण केंद्र बनाकर आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव के निर्देशन में, विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज अग्रवाल और विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 102 माध्यमिक शालाओं के 145 शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित अध्यापन विधियों का शिक्षकों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना था।

कार्यक्रम में संस्कृत, अंग्रेजी, सामाजिक अध्ययन और विज्ञान विषयों के अध्यापन में नवीन पाठ्यपुस्तकों के अनुसार गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) धरमजयगढ़ से चयनित और प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकों में निहित प्रावधानों, अपेक्षित दक्षताओं और अधिगम परिणामों के अनुरूप प्रभावी अध्यापन के तरीके बताए। प्रशिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए वीडियो और प्रोजेक्टर का व्यापक उपयोग किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन डाईट धरमजयगढ़ के प्राचार्य अनिल पैंकरा ने प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षण गुणवत्ता, प्रशिक्षण व्यवस्था और विषयवस्तु का अवलोकन किया और शिक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कार्यक्रम को संतोषजनक और उत्कृष्ट बताया। समापन अवसर पर विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज अग्रवाल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और नवाचार आधारित शिक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने कक्षा पहली, दूसरी, तीसरी और छठवीं के लिए नवीन पाठ्यपुस्तकें लागू की हैं। नई पाठ्यपुस्तकें एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम और नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार की गई हैं। कक्षा छठवीं में पूर्व में 6 विषय थे, जबकि अब विद्यार्थियों को 9 पुस्तकों का अध्ययन करना होगा। कौशल विकास, खेल शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और योग से संबंधित अतिरिक्त पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। पाठ्यपुस्तकों को गतिविधि आधारित, व्यावहारिक और तर्कसंगत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों ने नई पाठ्यपुस्तकों के अध्यापन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों का समाधान पाया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चेतन चौधरी, मनोज गुप्ता और खगेश्वर साहू सहित सभी मास्टर ट्रेनर्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से उनकी अध्यापन क्षमता में सुधार हुआ है और नई शिक्षा नीति के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने में यह कार्यक्रम सहायक साबित होगा।
Next Story