फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में आगजनी की घटना, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक

कोरबा। दीपका स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के शाखा दफ्तर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। इस घटना में दफ्तर के फर्नीचर, दराज और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को लगभग तीन घंटे का समय लगा।
यह घटना कटघोरा रोड, दीपका स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में गुरुवार रात करीब 12:30 बजे हुई। आग लगने के बाद दफ्तर में लगा सायरन बजने लगा, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि दफ्तर से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। कंपनी में तैनात सुरक्षाकर्मी ने तत्काल आग लगने की सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही एक के बाद एक तीन दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पाया। हालांकि, तब तक आग से दफ्तर के अंदर रखा फर्नीचर, दराज और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली थी और टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली है।





