छत्तीसगढ़

काली पूजा कार्यक्रम के दौरान युवकों में मारपीट, मामला थाना पहुंचा

Shantanu Roy
27 Oct 2025 7:35 PM IST
काली पूजा कार्यक्रम के दौरान युवकों में मारपीट, मामला थाना पहुंचा
x
छग
Raigarh. रायगढ़। धरमजयगढ़ में काली पूजा कार्यक्रम के दौरान एक युवक से मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात करीब 11:40 बजे की बताई जा रही है, जब स्थानीय युवक देवेन्द्र माली, जो कि कॉलेज छात्र है, अपनी भांजी और भाई के साथ पूजा पंडाल घूमने गया था। इस दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी युवक ने छात्र के साथ हाथापाई की और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र माली (उम्र 19 वर्ष) पिता नारायण माली, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी वार्ड क्रमांक-1, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़, बी.ए. सेकंड ईयर का छात्र है और धरमजयगढ़ कॉलेज में पढ़ाई करता है। दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की रात वह अपनी भांजी रिंकी मिश्रा और भाई कबीर माली के साथ काली पूजा कार्यक्रम देखने गया था। इसी दौरान करीब रात 11:40 बजे के आसपास आरोपी अमन राय वहां पहुंचा और बिना किसी कारण देवेन्द्र माली का हाथ पकड़कर बोला, “चल मेरे साथ।” जब देवेन्द्र ने इंकार किया, तो अमन राय ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और दो थप्पड़ मारकर मोबाइल वापस फेंक दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया।
देवेन्द्र माली ने बताया कि वह कुछ समय बाद अमन राय को ढूंढकर फिर मिला, तो उसने पूछा — "मुझे क्यों मारा?" इस पर अमन राय भड़क गया और बोला “पहले क्यों नहीं बोला कि वो तेरी भांजी है!” इतना कहकर उसने मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। गुस्से में आरोपी ने अपने हाथ में पहना हुआ कड़ा (लोहे का ब्रेसलेट) निकालकर देवेन्द्र पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्र देवेन्द्र माली के सिर, दाहिने गाल और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोटें आईं। घटना को आसपास मौजूद लोगों ने देखा, जिनमें विशाल राय, कबीर माली, रोशन मंडल और उदय माली शामिल हैं। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान अमन राय के साथ मौजूद आयुष मिस्त्री ने विशाल राय पर हमला कर दिया। इस झगड़े में विशाल राय के दाहिने कान में चोट लगी।
घटना के बाद देवेन्द्र माली ने थाने पहुंचकर पूरी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके बयान के अनुसार ही रिपोर्ट तैयार की गई है और वह न्याय चाहता है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आरोपी अमन राय और आयुष मिस्त्री के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोपों में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पृष्ठभूमि और पूर्व में हुए किसी विवाद की भी जांच कर रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, धरमजयगढ़ कॉलोनी क्षेत्र में काली पूजा के दौरान युवकों में आपसी विवाद और झगड़े की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पुलिस ने आयोजन समिति से अपील की है कि ऐसे कार्यक्रमों में शांति बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक तैनात करें और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पर तुरंत सूचना दें।
Next Story