छत्तीसगढ़

सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मचान्दुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न

Shantanu Roy
24 Dec 2025 9:55 PM IST
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत मचान्दुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न
x
छग
Durg. दुर्ग। भारत सरकार के सुशासन सप्ताह (गुड गवर्नेंस वीक) के अवसर पर जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत बुधवार को दुर्ग विकासखंड के ग्राम मचान्दुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर में प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर मुख्य रूप से शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और विभागों से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर के दौरान कुल 210 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 102 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय की गई है।
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम बोरीगारका निवासी बिसाहू राम गजपाल को त्वरित कार्यवाही करते हुए व्हीलचेयर प्रदान की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 नवनिहालों का अन्नप्राशन संस्कार तथा 03 नवविवाहिता महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई गई। बीज प्रक्रिया केंद्र द्वारा आरबीकेवाय रफ्तार योजना के अंतर्गत क्षेत्र के 05 किसानों को रागी किस्म बीएल-376 की मिनी किट वितरित की गई। राजस्व विभाग द्वारा 400 केवी पावरग्रिड से प्रभावित किसानों मोहनलाल, जयराम, हरिराम, बिसेलाल, शिवनंदन एवं होमलाल को मुआवजा राशि के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01, 02 एवं 03 की सहायिकाओं तथा स्वच्छाग्राही दीदियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। जल संरक्षण पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
विधायक ललित चन्द्राकर ने अपने करकमलों से विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित की और विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने शिविर स्थल पर जिला पंचायत द्वारा जल संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा सभी विभागीय स्टॉलों में भ्रमण कर आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। अपने संबोधन में विधायक श्री चन्द्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन द्वारा नियमित अंतराल पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज पात्र हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभ मिल रहा है, जो प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने जन-धन योजना, पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धियों को रेखांकित किया। साथ ही बताया कि छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने वाला देश का पहला राज्य है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान 19 दिसंबर से लगातार जारी है और जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए सिकलसेल और पोलियो जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए धान खरीदी हेतु ऑनलाइन टोकन व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध कराई गई है तथा खरीदी की लिमिट भी बढ़ाई गई है। शिविर के समापन अवसर पर विधायक श्री चन्द्राकर ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को दुर्ग जिले को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सरपंच युगलकिशोर साहू, एसडीएम हरवंश सिंह मिरी, जनपद सीईओ रूपेश पाण्डेय, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Next Story