
x
छत्तीसगढ़
रायपुर। दीपावली के त्योहार के बीच साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए नया तरीका अपनाया है। WhatsApp पर शुभकामना संदेश, डिजिटल ग्रीटिंग कार्ड और फर्जी गिफ्ट ऑफर भेजकर लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी चुराने की कोशिश की जा रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक, साइबर अपराधी WhatsApp, Telegram और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से दीपावली की शुभकामनाओं के नाम पर संदिग्ध लिंक और APK फाइल भेज रहे हैं। कई बार ये संदेश परिचितों या रिश्तेदारों के नाम से भी भेजे जाते हैं, जिससे लोग बिना जांच किए फाइल डाउनलोड कर लेते हैं।
ग्रीटिंग कार्ड खोलते ही खतरे में पड़ सकती है बैंकिंग जानकारी
संदिग्ध APK फाइल मोबाइल में इंस्टॉल होने के बाद फोटो, पासवर्ड, निजी जानकारी और बैंकिंग विवरण तक अनधिकृत पहुंच का जरिया बन सकती है। साइबर अपराधी मोबाइल की गतिविधियों और UPI से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
बंपर डिस्काउंट और गिफ्ट ऑफर से भी ठगी
त्योहारी खरीदारी के दौरान ठग नामी कंपनियों जैसी फर्जी वेबसाइट बनाकर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उत्पादों पर भारी छूट का लालच दे रहे हैं। भुगतान करने के बाद न सामान मिलता है और न पैसे वापस होते हैं। इसके अलावा कार, लैपटॉप और स्मार्टफोन जीतने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फीस और डिलीवरी चार्ज भी वसूला जा रहा है।
पुलिस ने जारी की चेतावनी
छत्तीसगढ़ पुलिस और साइबर सेल ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की अपील की है। परिचित के नाम से फाइल आने पर भी फोन करके पुष्टि करने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन खरीदारी से पहले वेबसाइट की विश्वसनीयता जांचने को भी कहा गया है।
Next Story





