
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: महासमुंद जिले में पुलिस ने चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
मामला तब सामने आया जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने 27 अप्रैल 2026 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर से लगभग 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष), निवासी चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ती के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दुर्ग, जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में पहले से ही चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सूने और निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाता था। वह ऐसे घरों की रेकी करता था जहां निर्माण सामग्री जैसे ईंट, गिट्टी और अन्य सामान रखा होता था तथा घर में केवल बुजुर्ग या बच्चे मौजूद होते थे।
आरोपी लोगों को कम कीमत में छड़-सीमेंट दिलाने का झांसा देकर घरों में प्रवेश करता था। इसी बहाने वह घर की स्थिति और कीमती सामान की जानकारी लेता था और मौका मिलते ही सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी न्यायिक रिमांड के दौरान इलाज के बहाने फरार हो चुका है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





