छत्तीसगढ़
शिक्षा से ही आदिवासी समाज का उज्ज्वल भविष्य: बृजमोहन अग्रवाल
Shantanu Roy
16 Nov 2026 7:15 PM IST

x
छग
Raipur/Baloda Bazar-Bhatapara. रायपुर/बलौदाबाजार-भाटापारा। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सोमवार को बलौदाबाजार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद श्री अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और विकास पर जोर देते हुए कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आदिवासी समाज के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे महान जननायकों के संघर्ष और बलिदान की गाथाएँ समाज के हर बच्चे तक पहुँचनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास, पूर्वजों और संस्कृति पर गर्व कर सके।
श्री अग्रवाल ने आदिवासी समाज की अलग-अलग आस्थाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान करते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने नक्सलवाद को आदिवासी अंचलों के विकास की बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के समूल खात्मे की दिशा में निर्णायक प्रयास किए हैं। अपनी राह से भटके युवाओं को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने और उनके पुनर्वास के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। माओवादी आंदोलन से जुड़े युवाओं को सम्मानजनक जीवन, विकास के अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना, महतारी वंदन योजना एवं आदिवासी विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं रोजगार की सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
दूरस्थ वनांचलों में सोलर ऊर्जा से पहुचेंगी बिजली
दुर्गम वनांचलों में बिजली की समस्या पर सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि जहाँ बिजली के तार पहुँचाना कठिन है, वहां सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है। जिन गाँवों में अभी सोलर सुविधा नहीं है, वहाँ भी भविष्य में बिजली पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दूरस्थ वनांचलों में बिजली की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान एवं सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ध्रुववंशी ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन तथा आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
युवाओं, विद्यार्थियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,कलेक्टर कुलदीप शर्मा,भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आदिवासी भाई -बहन उपस्थित रहे।
Next Story





