छत्तीसगढ़

खैरागढ़ में 9 चोरी की वारदातों का खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 Aug 2025 11:35 PM IST
खैरागढ़ में 9 चोरी की वारदातों का खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार
x
11.30 लाख का माल बरामद
Khairagarh. खैरागढ़। बीते चार महीनों से जिले के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से परेशान लोगों को अब राहत की सांस मिली है। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने गंडई और छुईखदान थाना क्षेत्र में 9 बड़ी चोरियों को अंजाम दिया था। इस गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 11 लाख 30 हजार रुपये से अधिक की चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में 8 लाख रुपये के सोने के जेवर, 1.5 लाख की चांदी की पायल और लच्छा, तीन चोरी की मोटरसाइकिल (कीमत 1.5 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन (कीमत 30 हजार रुपये) शामिल हैं। इन चोरों ने कबूल किया है कि वे दिन में विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर सूने घरों की पहचान करते थे और रात में सुनसान इलाकों में वारदात को अंजाम देते थे। चंद मिनटों में ताले तोड़कर सामान समेटकर भाग निकलते थे।

खास रणनीति से पुलिस ने किया खुलासा
लगातार हो रही वारदातों के बाद खैरागढ़ पुलिस, साइबर सेल और गंडई थाना पुलिस ने संयुक्त रणनीति के तहत काम करना शुरू किया। स्थानीय मुखबिरों की मदद ली गई, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस ने इस गिरोह के सभी 12 सदस्यों को एक-एक कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से ताल्लुक रखते हैं और इनका आपराधिक रिकॉर्ड अन्य थानों में भी दर्ज है। पुलिस अब इन मामलों की भी
जांच
कर रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण इलाकों में राहत और विश्वास का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कुशलता की सराहना की है। लोगों को उम्मीद है कि अब रात को चैन की नींद सो सकेंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे रात में अपने घरों को सुरक्षित रखें, मजबूत ताले लगाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
Next Story