छत्तीसगढ़

ऑपरेशन शंखनाद में 9 गौवंश मुक्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Oct 2026 5:05 PM IST
ऑपरेशन शंखनाद में 9 गौवंश मुक्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए 9 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में की गई। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि रास्ते में पशुओं के साथ मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और तत्काल एक टीम ग्राम फतेहपुर के लिए रवाना की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि तीन व्यक्ति गौवंशों को तेजी से आगे ले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, पशुओं को मारते-पीटते हुए हांका जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से 9 गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम धनसाय नगेशिया उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम गोविन्दपुर थाना जारी जिला गुमला झारखंड, सरवर आलम उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम डड़गांव चौकी मनोरा जिला जशपुर तथा मुर्शिद खान उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम गोविन्दपुर जिला गुमला झारखंड बताया।
पुलिस ने आरोपियों से गौवंशों के परिवहन और स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, अपराध में उनकी संलिप्तता से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ अन्य आरोपियों की पहचान की है। उनकी तलाश की जा रही है और पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, आरक्षक उपेंद्र सिंह, रवि राम और नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल 9 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है और गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Next Story