छत्तीसगढ़
जशपुर में 8 गौवंश मुक्त, एक तस्कर समेत 5 फरार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Sept 2026 11:32 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं, पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जशपुर पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को थाना कुनकुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 8 गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया।
पैदल हांककर झारखंड ले जा रहा था गौवंश
थाना कुनकुरी की पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति टांगरबहरी रोड की ओर से गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने एक व्यक्ति को 8 गौवंशों को पैदल हांककर ले जाते हुए देखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और सभी गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक कुमार यादव (37 वर्ष), निवासी ग्राम वासुदेवपुर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर बताया। पुलिस ने गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।
पुराने मामलों के 5 फरार आरोपी गिरफ्तार
इधर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला 6 जनवरी 2026 का है, जब डूमरटोली क्षेत्र में कार्रवाई कर 10 गौवंशों को मुक्त कराया गया था। इस मामले में एक आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुका था, जबकि जांच में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। दूसरा मामला 22 फरवरी 2026 का है। पुलिस ने किनकेल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 4 गौवंशों को मुक्त कराया था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों मामलों की विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी तलाश जारी थी। विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए बीरबल राम भगत, मो. अफसर खान, शाहिद खान, मुस्तकीम खान और ताजुद्दीन खान को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
86 मामलों में 985 गौवंश मुक्त
जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक ऑपरेशन शंखनाद के तहत 86 प्रकरणों में 985 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है। इस दौरान गौ तस्करी के 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 31 वाहन जब्त किए गए हैं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस बेहद संवेदनशील है। तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





