छत्तीसगढ़
जोनल रेलवे बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 73वीं बैठक संपन्न
Shantanu Roy
23 Jun 2025 8:31 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 73वीं बैठक महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर तरूण प्रकाश की अध्यक्षता में आज दिनांक 23 जून 2025 को जोनल सभाकक्ष, महाप्रबंधक कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक, शिवशंकर लकड़ा ने अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, सभी विभागाध्यक्षों तथा बैठक में उपस्थित मंडलों/कारखानों के सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक, तरूण प्रकाश के करकमलों से राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका "जिज्ञासा" के 17वें अंक का विमोचन किया गया । महाप्रबंधक ने वर्ष 2023 हेतु रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक से सम्मानित होने पर तत्कालीन मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर तथा क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, भुसावल में आयोजित अखिल रेल नाट्योत्सव-2024 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्राप्त कर्मचारी एवं प्रधान कार्यालय के नाट्य दल को भी बधाई दी। तदुपरांत क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के उपाध्यक्ष शिवशंकर लकड़ा ने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत की जिस पर सदस्यों ने विस्तारपूर्वक चर्चा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, तरूण प्रकाश ने कहा कि कार्यालय में राजभाषा नियम 1976 के अनुसार हिंदी में प्राप्त पत्रों के उत्तर शत-प्रतिशत हिंदी में दिये जा रहे हैं, जो सराहनीय है। राजभाषा विभाग द्वारा दैनिक कामकाज हिंदी में करने हेतु कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है । यह प्रयास किया जाए कि सभी कार्मिकों को इसका लाभ प्राप्त हो। उन्होंने हिंदी में प्रकाशित राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका "जिज्ञासा" तथा संरक्षा विभाग के डिजिटल संरक्षा बुलेटिन की प्रशंसा करते हुए इसका नियमित प्रकाशन जारी रखने के निदेश दिये।
अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी हम सबकी भाषा है। भारत के कण-कण में व्याप्त होने के साथ ही यह भारत के बाहर भी अपनी सुगंध से निरंतर पहचान बना रही है। सूचना प्रौद्योगिकी के युग में हिंदी के बढ़ते उपयोग ने इसके लिए नए मार्ग प्रशस्त किए हैं। यदि डिजिटल युग की जरूरतों के मुताबिक हिंदी को अपनाया जाए तो वह इसके विकास में बहुत उपयोगी सिद्ध होगी। समिति के उपाध्यक्ष शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक ने इस अवसर पर कहा कि इस रेलवे में राजभाषा प्रयोग की स्थिति संतोषजनक है । केंद्रीय सरकार के कार्यालयों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने के लिए राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025-26 का वार्षिक कार्यक्रम जारी किया गया है । उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि हिंदी के कामकाज को बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 73वीं बैठक का संचालन शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी राजेश कुमार तिवारी ने किया।
Tagsछत्तीसगढ़ न्यूज हिंदीछत्तीसगढ़ न्यूजछत्तीसगढ़ की खबरछत्तीसगढ़ लेटेस्ट न्यूजछत्तीसगढ़ न्यूज अपडेटछत्तीसगढ़ हिंदी न्यूज टुडेछत्तीसगढ़ हिंदीChhattisgarh news in hindiChhattisgarh newsChhattisgarh latest newsChhattisgarh news updateChhattisgarh Hindi news todayChhattisgarh Hindiजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





