
x
छग
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बलगी स्थित SECL अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में करीब 6 फीट लंबा धमना सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही अस्पताल के कर्मचारियों और भर्ती मरीजों के परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक वार्ड में सांप दिखाई देने के बाद लोग डर के कारण बाहर निकलने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बलगी स्थित SECL अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अचानक एक लंबा सांप दिखाई दिया। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वहां हलचल मच गई। करीब 6 फीट लंबे सांप को देखकर लोग घबरा गए। इसके बाद आशीष सिंह ने तत्काल वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को घटना की जानकारी दी और सांप को सुरक्षित पकड़ने के लिए मदद मांगी।
सूचना मिलने के बाद जितेंद्र सारथी ने अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास और संदीप मानिकपुरी को मौके पर भेजा। दोनों रेस्क्यू टीम के सदस्य अस्पताल पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने बिना किसी नुकसान के धमना सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को जंगल में ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। सांप पकड़े जाने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों ने राहत की सांस ली।
इसी दौरान बलगी में आशीष सिंह के घर में भी एक सांप घुसने की सूचना मिली। रेस्क्यू टीम अस्पताल में कार्रवाई पूरी करने के बाद उनके घर पहुंची। यहां भी करीब 5 फीट लंबा धमना सांप मिला। टीम के सदस्यों ने सावधानी बरतते हुए दूसरे सांप को भी सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे भी प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।
वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि धमना सांप आमतौर पर विषहीन होता है। यह मुख्य रूप से चूहों जैसे छोटे जीवों को अपना भोजन बनाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
Next Story





