छत्तीसगढ़

रायपुर में 50 लाख की धोखाधड़ी, ड्राइवर कार और कैश लेकर फरार

Shantanu Roy
26 April 2026 8:07 PM IST
रायपुर में 50 लाख की धोखाधड़ी, ड्राइवर कार और कैश लेकर फरार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक कंपनी का ड्राइवर कार समेत नकदी लेकर फरार हो गया। घटना 25 अप्रैल 2026 की दोपहर की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रार्थी, जो कंस्ट्रक्शन व्यवसाय से जुड़े हैं, ने बताया कि वह उस समय बिलासपुर में थे। दोपहर करीब 3:30 बजे उनके जीजा उमेश अग्रवाल ने फोन कर सूचना दी कि कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन 50 लाख रुपये लेकर कचना स्थित कार्यालय से देवपुरी स्थित निवास जा रहे थे। बैंक बंद होने के कारण यह राशि घर ले जाई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी कंपनी की कार एमजी विन्डसर क्रमांक CG/04/QG/6633 से रवाना हुए थे। रास्ते में खम्हारडीह चौक के पास पेट्रोल पंप पर वाहन का हवा चेक कराया गया। इसके बाद जब वे गीतांजली नगर की ओर बढ़े, तो भारत माता चौक के पास ड्राइवर कृष्णा साहू ने अकाउंटेंट को गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से उतार दिया। जैसे ही अकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन गुटखा लेने के लिए वाहन से उतरे, उसी समय ड्राइवर कार और उसमें रखे पैसों से भरे बैग को लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसने तत्काल शोर मचाया और ड्राइवर को फोन भी किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया और अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रार्थी तुरंत बिलासपुर से रायपुर पहुंचे और पूरे मामले की पुष्टि की। इसके बाद खम्हारडीह थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन की मूवमेंट और आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में यह मामला विश्वासघात और धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है, जहां कंपनी के भरोसेमंद कर्मचारी ने ही इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरी रकम बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद व्यवसायिक वर्ग में भी चिंता का माहौल है, क्योंकि बड़ी राशि के लेन-देन में सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Next Story