छत्तीसगढ़

जांजगीर में 50 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा, 100 से अधिक लोग शिकार

Shantanu Roy
13 April 2026 10:01 PM IST
जांजगीर में 50 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा, 100 से अधिक लोग शिकार
x
छग
Janjgir. जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। शेयर ट्रेडिंग और अधिक मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति ने 100 से अधिक लोगों से करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी कर ली और फरार हो गया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी की गिरफ्तारी और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, पांडरीकला निवासी हरिशंकर गुप्ता ने शेयर बाजार में निवेश और आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर लोगों से भारी रकम जुटाई। आरोपी पिछले कई वर्षों से चांपा की शांति विहार कॉलोनी में रह रहा था और उसने लोगों को 3 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में कुछ निवेशकों को समय पर ब्याज और कुछ रकम वापस देकर आरोपी ने लोगों का भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोगों से निवेश करवाया और करोड़ों रुपये की राशि एकत्र कर ली। पिछले लगभग 8 महीनों से आरोपी फरार बताया जा रहा है। ठगी के इस नेटवर्क में कई एजेंटों की भूमिका भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने 20 से 30 एजेंट तैयार किए थे, जो लोगों से 3 प्रतिशत ब्याज पर पैसा इकट्ठा करते थे। इसमें से 2 प्रतिशत निवेशकों को दिया जाता था और 1 प्रतिशत एजेंट खुद रखते थे। समय पर ब्याज मिलने के कारण लोगों का विश्वास बढ़ता गया और भारी निवेश होता चला गया।
इस मामले में कई बड़े निवेशकों के नाम भी सामने आए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, श्याम भारती फ्यूल्स के संचालक ने लगभग 4 करोड़ रुपये, सुनील सराफ ने डेढ़ करोड़ रुपये, निरंजन महाराज ने सवा करोड़ रुपये और मुकेश साहू ने करीब 2 करोड़ रुपये का निवेश किया था। इनके अलावा लव राठौर और जू सोनार सहित कई अन्य लोगों ने भी करोड़ों रुपये गंवाए हैं। पीड़ित निवेशकों का कहना है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से लोगों को फंसाया और धीरे-धीरे बड़ी रकम जमा करने के बाद फरार हो गया। अब सभी निवेशक अपनी
जीवनभर
की जमा पूंजी वापस पाने के लिए पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। थाना चांपा पुलिस ने मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि पीड़ितों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
Next Story