छत्तीसगढ़
म्यूल अकाउंट के जरिये धोखाधड़ी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
5 Sept 2025 11:01 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर (AI)
छग
Durg. दुर्ग। सुपेला पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर कड़ा शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सुपेला की टीम ने म्यूल अकाउंट (Mule Account) का इस्तेमाल कर अवैध धन की हेराफेरी करने वाले 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी विजय यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता से कार्य करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड की कड़ी को उजागर किया।
मामला कैसे सामने आया?
प्रार्थी मयंक जंघेल ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके परिचित पियूष जंघेल ने उससे फोन पर बात करते हुए अपने बैंक खाते में लिमिट खत्म होने की बात कही और उससे मदद मांगी। उसने कहा कि उसके खाते में कुछ रकम ट्रांसफर की जाएगी, जिसे निकालकर कैश के रूप में वापस कर देना। भरोसा कर प्रार्थी ने सहमति दे दी। कुछ देर बाद आरोपी मिनेश पाल और अजय जंघेल उससे मिलने पहुंचे। इन लोगों ने यूपीआई के माध्यम से प्रार्थी के खातों में कुल 57,000 रुपए ट्रांसफर किए। प्रार्थी ने रकम निकालकर उन्हें सौंप दी। लेकिन अगले ही दिन प्रार्थी के खाते ब्लॉक हो गए। जब उसने बैंक और साइबर सेल से जानकारी ली तो पता चला कि उसके खाते का उपयोग साइबर ऑनलाइन ठगी की रकम को ट्रांसफर करने में किया गया है।
पुलिस की जांच और खुलासा
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी पियूष जंघेल, मिनेश पाल और अजय जंघेल ने प्रार्थी के खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया। इन खातों में धोखाधड़ी से अर्जित रकम जमा कर उसे कैश में बदलने का काम किया गया। इससे साफ हुआ कि आरोपी संगठित रूप से साइबर ठगी का हिस्सा हैं और पीड़ित को बिना जानकारी दिए उनके खातों का उपयोग अवैध धन को ट्रांसफर करने में किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीन आरोपियों के साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं –
अजय कुमार जंघेल पिता नरेन्द्र (उम्र 19 वर्ष), निवासी आर्य नगर कोहका
मिनेश पटेल पिता महेन्द्र पटेल (उम्र 19 वर्ष), निवासी अंबेडकर चौक टिकरापारा, रायपुर
पियूष जंघेल पिता संत कुमार (उम्र 20 वर्ष), निवासी आर्य नगर कोहका
आयुष नायडु पिता रमेश नायडु (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्रीन वैली स्मृति नगर
हर्ष चंद्राकर पिता लुकेश चंद्राकर (उम्र 21 वर्ष), निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई
इन सभी को धारा 317(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव, उनि चितराम ठाकुर, प्र.आर. सुबोध पांडेय, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत, और मिथलेश साहू का विशेष योगदान रहा। टीम ने उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए गाइडलाइन का पालन करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की।
साइबर अपराध पर बड़ा संदेश
सुपेला पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त है। आमजन को भी सतर्क रहना चाहिए कि वे किसी भी परिचित या अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपने खाते का उपयोग न करने दें। क्योंकि ऐसे मामलों में खातेधारक भी साइबर अपराध में आरोपी बन सकते हैं।
Next Story





