छत्तीसगढ़
4 साल की बच्ची को नागपुर ग्रामीण से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Oct 2026 10:06 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के वेस्ट जोन में 4 वर्षीय बालिका के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर बच्ची को नागपुर ग्रामीण, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमृत पाल सिंह को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से बच्ची को छुड़ाया। बाद में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को पीड़ित पक्ष ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि अमृत पाल सिंह नाम का व्यक्ति उनकी 4 वर्षीय बच्ची को अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही मामले को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त डॉ. सजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कामले ने गंभीर अपराध की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरस्वती नगर निरीक्षक चेतन चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की संभावना दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया। साथ ही साकोली पुलिस और मौदा पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी साझा की गई। रायपुर पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस के बीच समन्वय के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। लगातार खोजबीन और तकनीकी निगरानी के दौरान पुलिस को आरोपी की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिली।
आखिरकार मौदा टोल प्लाजा के पास आरोपी को बच्ची के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने तत्काल बच्ची को उसके कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और आरोपी को विधिवत हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृत पाल सिंह, पिता स्वर्गीय निर्मल सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमृतसर पिथ्थी, थाना पिथ्थी, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। वर्तमान में वह रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर गुरुद्वारा के पास साकुरे पोल्ट्री फार्म में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, आरोपी की लोकेशन का विश्लेषण और महाराष्ट्र पुलिस का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहा। समय रहते टीमों के बीच समन्वय होने से बच्ची को कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद किया जा सका। इस पूरी कार्रवाई में मौदा पुलिस, साकोली पुलिस महाराष्ट्र के साथ रायपुर पुलिस टीम के सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजित सिंह सेंगर, आरक्षक ज्ञानचंद साहू तथा क्राइम यूनिट के सउनि परिहार और राकेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Next Story





