छत्तीसगढ़

हरियाणा की 36 बोतल अंग्रेजी शराब जप्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
7 Sept 2025 12:12 AM IST
हरियाणा की 36 बोतल अंग्रेजी शराब जप्त, दो तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से तस्करी कर लाई गई 36 बोतल अंग्रेजी शराब जप्त की है। विभाग ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जयरामनगर के पास का है, जहां तस्कर शराब को बार में खपाने की तैयारी कर रहे थे।
शराब तस्करी का संगठित नेटवर्क
प्रदेश में लंबे समय से शराब तस्करी का धंधा फल-फूल रहा है। तस्कर हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा और अन्य राज्यों से शराब लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते हैं। इसके लिए एक संगठित गिरोह काम करता है, जिसकी सीमावर्ती इलाकों में गहरी सेटिंग बताई जाती है। यही वजह है कि ज्यादातर मामलों में तस्कर आसानी से बच निकलते हैं और केवल कुछ ही मामले पुलिस व आबकारी विभाग की कार्रवाई में पकड़ में आते हैं। तस्करी के इस नेटवर्क में लग्जरी कारों, ट्रेनों और बड़े कंटेनरों का इस्तेमाल किया जाता है। सूत्रों के अनुसार, इनोवा और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों से शराब को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाता है, वहीं अन्य राज्यों की शराब कंटेनर और ट्रेनों के माध्यम से लाई जाती है।
जयरामनगर में कार्रवाई
ताजा मामले में आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला और वेद प्रकाश नेताम को मुखबिर से सूचना मिली कि जयरामनगर के पास शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। दोनों अधिकारियों ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान विक्रम पटेल (निवासी खेसरा, अकलतरा) और उमाशंकर खांडे (निवासी नगोई, तखतपुर) नामक दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 36 बोतल हरियाणा निर्मित ब्लेंडर प्राइड अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कोटा क्षेत्र में कच्ची शराब पर शिकंजा
इसी तरह आबकारी विभाग के उप निरीक्षक दिनेश ध्रुव ने कोटा क्षेत्र में लगातार कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों पर शिकंजा कस रखा है। शनिवार को भी उन्होंने आमागोहन बेलगहना क्षेत्र में दबिश देकर उमेश कुमार के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त की और आरोपी को जेल भेज दिया।
मस्तूरी क्षेत्र में कार्रवाई
मस्तूरी आबकारी वृत्त प्रभारी ऐश्वर्या मिंज भी शराब तस्करों और कोचियों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। इसी क्रम में हाल ही में 2 सितंबर को मोपका क्षेत्र में दबिश देकर 74 नग देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई थी। मौके से धरम लाल साहू नामक आरोपी को पकड़ा गया और उसके खिलाफ धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा गया था। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने हाल के दिनों में शराब तस्करी और अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया है। लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। बावजूद इसके अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में शराब तस्करी का नेटवर्क फैला हुआ है।
Next Story