छत्तीसगढ़

महासमुंद में 35 किलो गांजा जब्त दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Sept 2026 3:08 PM IST
महासमुंद में 35 किलो गांजा जब्त दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 17 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 20 लाख 55 हजार 500 रुपये है।

उड़ीसा से रायपुर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। इसके तहत महासमुंद जिले में लगातार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक हुंडई कार में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनएच-53 स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल पर तैनात जवानों को अलर्ट किया। इसके बाद आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर CG13 UB 7951 की हुंडई कार वहां पहुंची। कार में दो व्यक्ति सवार थे।

डिक्की में मिला 35 किलो गांजा
पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। कार चालक ने अपना नाम विनोद कुमार सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी माधवपुर, थाना फतेहगढ़, जिला नयागढ़, उड़ीसा बताया। उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम गयाधर दडेई, उम्र 41 वर्ष, निवासी पत्थरचकड़ा, थाना फतेहगढ़, उड़ीसा बताया। पूछताछ के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में गांजा होने की जानकारी मिली। तलाशी लेने पर डिक्की में एक बोरी के अंदर गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जब्त गांजे का वजन कराया तो वह 35 किलोग्राम निकला। इसकी कीमत करीब 17 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा उड़ीसा से रायपुर लेकर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा उड़ीसा के भुवनेश्वर जिले से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

20.55 लाख की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 35 किलो गांजे के अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई कार भी जब्त की। पुलिस के अनुसार, दो मोबाइल फोन की कीमत करीब 5,500 रुपये और हुंडई कार की कीमत करीब 3 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने गांजा, मोबाइल फोन और कार समेत कुल 20 लाख 55 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 103/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)ii(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा तस्करी के सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक नेटवर्क की जानकारी जुटाने और वित्तीय लेन-देन की जांच पर भी जोर दिया जा रहा है। इस कार्रवाई को ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की एक और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Next Story