
x
छग
Kanker. कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र के लखनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा परिसर से निर्माण कार्य के लिए रखे लोहे के सरिए की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद एक आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। आरोपी के कब्जे से करीब 290 किलोग्राम चोरी का सरिया बरामद किया गया है। इसके साथ वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल पिकअप वाहन और कटर मशीन भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 4.38 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता ने चारामा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा, लखनपुरी परिसर में शौचालय निर्माण के लिए करीब 300 किलोग्राम लोहे का सरिया रखा गया था। अज्ञात व्यक्ति सरिया चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना चारामा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी कांकेर हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मामले में आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने का दावा किया गया है। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ईतवारी मण्डावी (38), मूल निवासी चंदेरीभाटा, दल्लीराजहरा और वर्तमान निवासी लखनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने स्कूल परिसर से सरिया चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी के सरिए को पहचान छिपाने के उद्देश्य से कटर मशीन की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट दिया था और अपने घर में छिपाकर रखा था। उसकी निशानदेही पर करीब 290 किलोग्राम सरिया बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 18 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक छोटा हाथी पिकअप वाहन क्रमांक CG-24-V-4300, जिसकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये है और करीब 20 हजार रुपये कीमत की कटर मशीन भी जब्त की गई। इस तरह मामले में कुल 4.38 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमंत मार्गिया, आरक्षक तरुण सिन्हा, भागीरथी मण्डावी और सहायक आरक्षक शंकर खुंटे की भूमिका रही।
Next Story





