छत्तीसगढ़

ओडिशा से मंगाया 3 किलो गांजा, 14,850 रुपए ट्रांसफर करते ही खुला राज

Shantanu Roy
26 Oct 2026 3:22 PM IST
ओडिशा से मंगाया 3 किलो गांजा, 14,850 रुपए ट्रांसफर करते ही खुला राज
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे एक युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर गांजा मंगाने वाले खरीदार को भी पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.893 किलोग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित लगभग 2 लाख 40 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। जांच में खुलासा हुआ कि खरीदार ने तीन किलो गांजा मंगाने के लिए 14,850 रुपए ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर किए थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर नाकेबंदी की। इसी दौरान होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BR 3641 पर सवार संदिग्ध युवक को रोका गया। उसके पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर तीन पैकेट में गांजा बरामद हुआ।

1.40 लाख रुपए का गांजा बरामद
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान लब सा (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित चक्रधर कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.893 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया।

14,850 रुपए ट्रांसफर कर मंगाया था गांजा
पुलिस जांच में गांजा मंगाने वाले दूसरे आरोपी का नाम भी सामने आया। पहले आरोपी से पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, राजू दास महंत ने मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाया था। इसके बदले उसने कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से 14,850 रुपए ट्रांसफर किए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजू दास महंत को भी गिरफ्तार कर लिया।

दो मोबाइल सहित 2.40 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने दूसरे आरोपी राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें वीवो V2029 और वीवो T4 Lite 5G शामिल हैं। दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल लगभग 2 लाख 40 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक टिकेन्द्र चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक अमित तिर्की, श्यामदास महंत और आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर तथा दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story