
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडीयू नगर क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने चांदी के सिक्के और नकदी चोरी कर ली। घटना उस वक्त हुई, जब घर की मालकिन व्यक्तिगत काम से मुंबई गई हुई थीं। महिला की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अलमारी से कीमती सामान पार कर दिया। चोरी की यह वारदात पड़ोसी के CCTV कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीडीयू नगर सेक्टर-02, मकान नंबर 81 में रहने वाली महिला ने बताया कि वह 17 नवंबर 2025 की सुबह करीब 7 बजे अपने घर को बंद कर ताला लगाकर मुंबई चली गई थीं। चाबी उन्होंने सुरक्षा के मद्देनज़र अपनी पड़ोसी मंगला श्रीवास्तव को सौंप दी थी।
25 नवंबर को घर का ताला टूटा मिला
25 नवंबर की सुबह, पड़ोसन मंगला श्रीवास्तव रोज की तरह बाहर निकलीं तो उन्होंने देखा कि महिला के घर के आंगन की लाइट जल रही है। उन्हें यह असामान्य लगा और उन्होंने तुरंत महिला की बेटी गुंजन शर्मा को फोन कर सूचना दी। गुंजन ने बताया कि चाबी पड़ोसन के पास है, इसलिए घर जाकर देखने को कहा। जब मंगला श्रीवास्तव घर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। यह देखकर उन्होंने तुरंत महिला और उनके परिवार को जानकारी दी। इसके बाद महिला की बेटी और दामाद प्रमीत कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे।
घर पहुंचकर टूटी अलमारी और खाली लाकर मिले
महिला उसी शाम लगभग 7 बजे मुंबई से रायपुर लौटकर घर पहुंचीं। घर का मुआयना करने पर पता चला कि चोरों ने सिर्फ मुख्य दरवाजे का ताला ही नहीं तोड़ा, बल्कि घर के अंदर रखी दो अलमारियों के लाक भी तोड़ दिए थे।
अलमारी के लाकर में रखे—
चांदी के लगभग 20 सिक्के,
करीब 10,000 रुपए नकद,
कुल मिलाकर लगभग 25,000 रुपए की चोरी हो चुकी थी।
CCTV में दिखे दो अज्ञात चोर
घटना के बाद आसपास के CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें पड़ोसी संतोष कंवर के घर के बाहर लगे कैमरे में दो अज्ञात चोर साफ दिखाई दिए। फुटेज में दोनों चोर दीवार लांघकर महिला के आंगन में प्रवेश करते और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि चोर घर के अंदर कुछ समय रुकते हैं और फिर चोरी का सामान लेकर तेजी से भाग जाते हैं।
महिला ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस जांच में जुटी
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस कार्रवाई की मांग की है। FIR में उन्होंने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट पुलिस ने उनकी बात के अनुसार ही दर्ज की है।
पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। पुलिस अब आसपास के इलाकों में चेकिंग बढ़ाने और रात गश्त को मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
घटना से डीडीयू नगर के निवासियों में दहशत है और सभी ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Next Story





