छत्तीसगढ़

बीएसपी से 250 टन लोहा चोरी मामला: क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

SHIDDHANT
30 May 2026 8:05 PM IST
बीएसपी से 250 टन लोहा चोरी मामला: क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
x
छग
Bhilai भिलाई: भिलाई स्टील प्लांट (Bhilai Steel Plant) से बड़े पैमाने पर लौह स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सांई एसोसिएट के क्रेन ऑपरेटर रविन्द्र साहू को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड संजय सिंह अब भी फरार है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मैग्नेटिक क्रेन की मदद से बीएसपी का लोहा निकालकर फ्लू डस्ट ले जाने वाली गाड़ियों में छिपाकर स्क्रैप के रूप में बाहर भेजते थे। यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से पिछले चार से पांच महीनों से चलाया जा रहा था। मामले का खुलासा 26 मई को उस समय हुआ जब पुलिस ने हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स स्क्रैप यार्ड में छापेमारी की। मौके पर खड़े कई वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री बरामद की गई। जांच के दौरान हाईवा और ट्रकों में संदिग्ध माल पाया गया, जबकि कई मशीनें जैसे जेसीबी, हाईड्रा और क्रेन भी जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार लगभग 250 टन लौह स्क्रैप बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं जब्त वाहनों और मशीनों सहित कुल संपत्ति की कीमत लगभग 3.22 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ में रविन्द्र साहू ने स्वीकार किया कि वह मुख्य आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर काम करता था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Next Story