छत्तीसगढ़

ट्रेलर में छिपाकर ले जा रहे थे 25 लाख का गांजा, दो गिरफ्तार

Admin2
1 April 2021 6:00 AM GMT
ट्रेलर में छिपाकर ले जा रहे थे 25 लाख का गांजा, दो गिरफ्तार
x
कांकेर पुलिस ने पकड़ा, गांजा छुपाने के लिए ट्रेलर में बना रखे थे कई चैंबर

कांकेर (जसेरि)। होली के दिन पुलिस को गांजा पकडऩे के मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने एक ट्रेलर से 25 लाख रूपए का गांजा बरामद किया। गांजे की तस्करी के लिए ट्रेलर में कई जगहों पर गुप्त चैंबर बनाए गए थे। मामले में पुलिस ने ड्राइवर व कंडेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन उनसे अब तक कुछ ज्यादा जानकारी उगलवा नहीं सकी है। अब तक की पूछताछ में गांजा जगदलपुर से राजस्थान ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। कांकेर पुलिस को 29 मार्च की सुबह सूचना मिली कि एक ट्रेलर वाहन में गांजा की सप्लाई की जा रही है। ट्रेलर कांकेर शहर से होते हुए रायपुर की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस नांदनमारा पुल में चेकपोस्ट लगा वाहनों की जांच करने लगी। मुखबिर के बताए अनुसार हुलिए वाली ट्रेलर वहां पहुंची तो पुलिस उसे रोक जांच पड़ताल की। पहले तो ट्रेलर क्रमांक आर जे 09 जीए 2295 के केबीन व ट्रेलर के डाले की जांच की गई लेकिन उसमें गांजा नहीं मिला। इसके बाद बारी बारी से पूरे वाहन की जांच की गई तो डाला के नीचे बने चैंबर दिखने लगे। जांच करने पर वहां अलग अलग चेंबर में रखे 65 पैकेट जब्त किए गए जो खाकी रंग के पेपर व टेप से पैक किए गए थे। इसका कुल वजन 260 किलो है जिसकी बाजार कीमत 25 लाख रूपए आंकी गई है। पूछताछ में चालक ने अपना नाम किशनलाल मीणा तथा कंडेक्टर ने राजेश मीणा दोनों निवासी राजस्थान बताए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से कुल तीन मोबाईल व कुछ नगदी बरामद की गई है।

रिस्क एक जैसा इसलिए बड़े वाहनों से हो रही तस्करी : गांजा तस्कर तस्करी के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। कुछ सालों पहले तक छोटे छोटे वाहन कार, जीप व अन्य वाहन से ही गांजे की तस्करी की जा रही थी लेकिन पिछले चार सालों से गांजा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तक बड़े वाहनों में भर कर ले जाया जा रहा है। पिछले साल चारामा में बड़े से कंटेनर वाहन में गांजा पकड़ाया था। इसमें भी चेंबर बना हुआ था। कांकेर में भी तीन बार ट्रक में चेंबर में गांजा की तस्करी करते पकड़ा जा चुका है। गांजा ले जाने पर एक जैसा रिस्क होने के कारण तस्कर अब बड़े वाहन में बड़ी खेप ले जा रहे हैं। पुलिस ने 15 लाख का ट्रेलर भी जब्त किया : पुलिस ने गांजा ले जा रही ट्रेलर को भी जब्त किया है। ट्रेलर मालिक का नाम सुवालाल जाट निवासी राजस्थान है। इससे संपर्क किया जा रहा है। वाहन की कीमत 15 लाख रूपए आंकी गई है। वाहन में बने चेंबर को देख स्पष्ट है कि इसकी जानकारी वाहन मालिक को भी है।

Next Story