छत्तीसगढ़
24 घंटे ड्यूटी, परिवार के लिए आवास नहीं, टीएस सिंहदेव ने उठाईं छात्रावास अधीक्षकों की समस्याएं
jantaserishta.com
13 Nov 2026 5:53 PM IST

x
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के मेस भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले तीन साल से बच्चों के भोजन और नाश्ते के लिए तय राशि में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इस दौरान खाद्य सामग्री की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में मौजूदा राशि में बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है।
सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कामकाज से जुड़ी परेशानियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि अधीक्षकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। उन्हें न तो पर्याप्त छुट्टी मिलती है और न ही छात्रावास परिसर में परिवार के साथ रहने की सुविधा है। उन्होंने मांग की है कि अधीक्षकों के परिवारों के रहने के लिए छात्रावास से अलग आवास बनाए जाएं।
सिंहदेव ने पत्र में लिखा है कि छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चों के भोजन की राशि में तीन साल से बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस दौरान दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियों, मसालों और ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर भोजन व्यवस्था पर पड़ रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि कम राशि के कारण बच्चों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना व्यावहारिक रूप से मुश्किल होता जा रहा है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
सिंहदेव ने छात्रावासों के मेस बजट में HMS पोर्टल के जरिए होने वाली कटौती पर भी सवाल उठाए हैं। पत्र के मुताबिक, किसी विद्यार्थी की एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती कर दी जाती है, जबकि सामूहिक रसोई में गैस, मसालों और रसोइयों का खर्च लगभग स्थिर रहता है।
उन्होंने मांग की है कि न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो। पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि छात्रावास अधीक्षकों की ड्यूटी 24 घंटे की होती है। उन्हें छुट्टी नहीं मिलती और परिवार के सदस्यों को छात्रावास में रहने की अनुमति भी नहीं है। उन्होंने अधीक्षकों के परिवार के लिए छात्रावास परिसर से अलग आवासीय भवन बनाने का सुझाव दिया है, ताकि वे परिवार के साथ रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
सिंहदेव ने छात्रावासों के सुचारू संचालन के लिए अन्य मांगों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। इनमें बर्तन, सफाई सामग्री, प्राथमिक उपचार और आकस्मिक खर्च के लिए पर्याप्त बजट, ऑनलाइन उपस्थिति के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा, शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को टीएसके ऐप की अनिवार्यता से छूट और अधीक्षक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन की मांग शामिल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए मेस भत्ते में महंगाई के अनुरूप तत्काल बढ़ोतरी करने और अधीक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया है।
Tagsटीएस सिंहदेवमुख्यमंत्री विष्णुदेव सायविष्णुदेव सायTS SinghdevChief Minister Vishnudev SaiVishnudev Sai
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





