छत्तीसगढ़

साइबर जागृति अभियान में जुटे 2000 छात्र और नागरिक मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया सतर्कता का संदेश

Shantanu Roy
11 Sept 2026 9:49 PM IST
साइबर जागृति अभियान में जुटे 2000 छात्र और नागरिक मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया सतर्कता का संदेश
x
छग
Khairagarh-Chhuikhadan-Gandai. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खैरागढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित IKSV ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने की।
कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड के लगातार बदलते तरीकों और उनसे सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय छोटी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान और व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विद्यार्थियों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में सुविधाएं बढ़ने के साथ साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को ऑनलाइन सुरक्षा के सामान्य नियमों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी देने की अपील की।
बदल रहा अपराध का तरीका, जागरूकता जरूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। पहले पारंपरिक अपराध अधिक सामने आते थे, लेकिन अब साइबर अपराध का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को ध्यान में रखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों तक साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके पहुंचाए जा रहे हैं।
OTP और PIN किसी से साझा न करने की सलाह
कार्यक्रम में करीब 2 हजार लोगों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल और मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही स्पष्ट किया गया कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर अपराधी कई बार बैंक अधिकारी या किसी परिचित संस्था का प्रतिनिधि बनकर गोपनीय जानकारी मांग सकते हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले संबंधित संस्था के अधिकृत माध्यम से सत्यापन करने की सलाह दी गई।
सेल्फी से दिया साइबर जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों और नागरिकों से भी साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ की राजश्री त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की अपील की है। साथ ही संदेश दिया गया कि जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
Next Story