
x
छत्तीसगढ़
Bilaspur बिलासपुर: शहर के शास्त्री नगर और कपिल नगर इलाके में पिछले दो दिनों से नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित है। यहां 200 से अधिक घरों में नलों से गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर हो गए हैं।
वार्ड पार्षद सीमा राजेश शुक्ला ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जोन क्रमांक 7 के कमिश्नर प्रवीण शर्मा को गंदे पानी का सैंपल सौंपा है। उन्होंने नगर निगम से तत्काल सुधार की मांग की है और कहा है कि समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पार्षद का आरोप है कि शिकायत के बावजूद नगर निगम का स्टाफ स्थिति पर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई परिवारों को ट्यूबवेल या अन्य स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है।
नगर निगम के नल-जल विभाग के प्रभारी अनुपम तिवारी ने बताया कि उन्हें गंदे पानी की सप्लाई की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को वे स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और कारणों की जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है ताकि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।
Next Story





