छत्तीसगढ़

200 छात्राओं ने सीखे सड़क सुरक्षा के नियम प्रतियोगिता में बांटे गए हेलमेट

SHIDDHANT
10 Sept 2026 10:20 PM IST
200 छात्राओं ने सीखे सड़क सुरक्षा के नियम प्रतियोगिता में बांटे गए हेलमेट
x
छग
Raipur रायपुर। शासकीय दूधाधारी बजरंग स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी में विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सही जवाब देने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के रूप में हेलमेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के रीजनल ऑफिस रायपुर द्वारा कंपनी के 80वें स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया। “सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक कदम” के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित सड़क व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात रायपुर कमिश्नरेट की एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार मौजूद रहीं। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
छात्राओं को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, सुरक्षित वाहन चालन, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें समझाया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। वाहन चलाते समय छोटी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए हमेशा सतर्क और जिम्मेदार व्यवहार जरूरी है।
कार्यक्रम का खास आकर्षण सामान्य ज्ञान एवं यातायात जागरूकता प्रतियोगिता रही। इसमें छात्राओं से यातायात नियमों और सामान्य ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे गए। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को हेलमेट देकर प्रोत्साहित किया गया। हेलमेट वितरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश को व्यवहारिक रूप से भी विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को प्रभावी बनाया। छात्राओं को यातायात नियमों को स्वयं अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर “सुरक्षित व्यवहार, सुरक्षित सफर और सुरक्षित समाज” का संदेश देते हुए युवाओं से सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
Next Story