गुम हुआ 18 किलो चांदी बरामद, सराफा कारोबारी ने राहत की सांस ली

बिलासपुर। वीआईपी कुरियर में काम करने वाले लड़के से मिसिंग सराफा कारोबारी का 18 किलो चांदी का पार्सल पुराना बस स्टैंड के पास छोटू पांडेय के कबाड़ दुकान में मिला है। यहां दुकान में काम करने वाले लड़कों ने पार्सल उठाकर दुकान संचालक को दे दिया। जिसे उसने दुकान में पड़ी शीशी-बोतल के बाद छिपाकर रखा था। कारोबारी ने एक दुकान में लगे एडवांस कैमरे पर देखा तब 300 मीटर दूर कबाड़ दुकान के सामने पार्सल गिरते दिखा। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। कारोबारी की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को कबाड़ दुकान में दबिश देकर पार्सल बरामद किया। लेकिन, उसमें 2400 ग्राम चांदी कम मिला। पूछताछ में कबाड़ दुकान संचालक द्वारा चांदी लेकर फरार होने की जानकारी सामने आ रही है।
दरअसल, सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के मालिक ने राजकोट से 28 किलो चांदी के ज्वेलरी मंगाए थे। चांदी दो अलग-अलग पैकेट में राजकोट से लॉजिस्टिक के जरिए रायपुर भेजा गया। रायपुर से वीआईपी कुरियर कंपनी के जरिए दोनों पार्सल बिलासपुर आया। 9 अप्रैल को सुबह कुरियर ब्वॉय पार्सल लेकर निकला, लेकिन एक पार्सल उसने रास्ते में गिरा दिया। दुकानदार को सिर्फ 10 किलो का एक पार्सल मिला। इसके बाद उसने 18 किलो चांदी का एक पार्सल मिसिंग होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पूछताछ में कुरियर कंपनी के लड़के ने पार्सल सत्या शो-रूम से लाडीकर हॉस्पिटल के बीच गिरने की जानकारी दी। इससे परेशान कारोबारी पुलिस के साथ खुद सीसीटीवी फुटेज चेक करता रहा।
इस दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित राजीव प्लाजा के पास एक रेडीमेड शॉप में लगे एडवांस कैमरे का फुटेज चेक किया तो छोटू कबाड़ी की दुकान के पास पार्सल गिरता हुए नजर आया। पूछताछ के बाद कबाड़ के बीच छिपाकर रखा पार्सल पुलिस ने बरामद तो कर लिया, लेकिन उसमें 2400 ग्राम चांदी मिसिंग थी। पूछताछ में काम करने वाले लड़कों ने बताया चांदी छोटू पांडेय लेकर गया है। पुलिस अब कबाड़ी छोटू पांडेय की तलाश कर रही है।





