छत्तीसगढ़

रायपुर रेलवे स्टेशन के बाहर पकड़ाया 16 किलो गांजा, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 Aug 2026 5:19 PM IST
रायपुर रेलवे स्टेशन के बाहर पकड़ाया 16 किलो गांजा, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रायपुर कमिश्नरेट की गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 किलोग्राम गांजा की तस्करी करते एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के दिशा-निर्देश में की गई। उन्होंने नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को थाना गुढ़ियारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आदित्य पांडे और सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा ने सूचना की पुष्टि कर आरोपी को गांजा के साथ पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोलू सिंह निवासी ग्राम सुंदरदेही, थाना बेलखेड़ा, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के पास रखे बैग की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 16 किलोग्राम गांजा तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस ने आरोपी गोलू सिंह पिता भूपत सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी जबलपुर मध्यप्रदेश के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 335/2026 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में आरोपी के अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था।

इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। रायपुर पुलिस ने बताया कि शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआई वरदान सिंह, आरक्षक सुदीप मिश्रा, रविशंकर तिवारी, किशोर राजपूत, चंद्रशेखर खांडेकर, जगन्नाथ सावले, केदार राजपूत और टुकेश्वर रजक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जप्त सामग्री:
गांजा – 16 किलोग्राम
मोबाइल फोन – 01 नग
कुल कीमत – लगभग 8 लाख 10 हजार रुपये
Next Story